भव्य छत्रपति शिवाजी महाराज चौक का होगा निर्माण ३६० दिन में पूरा होगा निर्माण कार्य
हिंद एकता टाइम्स भिवंंडी
रवि तिवारी
भिवंडी-भिवंडी शहर को जल्द ही छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर एक नया ऐतिहासिक स्मारक मिलने जा रहा है। शहर के केंद्र में स्थित शिवाजी चौक के नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण कार्य का भूमि पूजन समारोह गुरुवार को धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि, स्थानीय जनप्रतिनिधि और शिवप्रेमी नागरिक मौजूद रहे।उल्लेखनीय है कि वर्ष १९८६ में नजराना टॉकीज के समीप छत्रपति शिवाजी महाराज की अश्वारोही प्रतिमा स्थापित की गई थी, जो वर्षों से शहर का सांस्कृतिक और ऐतिहासिक केंद्र बनी हुई थी। समय के साथ प्रतिमा और चौक के पुनर्निर्माण की मांग उठती रही। इसी क्रम में १६ मई २०२५ को भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका ने उल्हासनगर की सागर कंस्ट्रक्शन कंपनी की मदद से पुरानी प्रतिमा को हटाया।अब उसी स्थान पर एक भव्य स्मारक के साथ शिवाजी महाराज की नई अश्वारोही प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके लिए पालिका ने पहले १ दिसंबर २०२३ को लगभग ३ करोड़ रुपये का टेंडर निकाला था। लेकिन ठेकेदार नहीं मिलने के कारण इसे दो बार पुनः प्रकाशित किया गया। अंततः १६ सितंबर 2024 को यह काम २,५४,००,३०५ रुपये में सागर कंस्ट्रक्शन कंपनी को सौंपा गया।
कंपनी आर्किटेक्ट जीवन डी. धिवरे के मार्गदर्शन में ३६० दिनों के भीतर इस परियोजना को पूर्ण करेगी। इसमें एक भव्य चौक, आकर्षक लाइटिंग, संगमरमर की फर्श, बाग-बगीचा और शिवाजी महाराज की विशाल आश्वरोही प्रतिमा का निर्माण किया जाएगा। विधायक महेश चौघुले ने इस अवसर पर कहा कि यह स्थल भिवंडी की सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यह कार्य तय समय से पहले ही पूरा किया जाएगा और यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत बनेगा ।भूमिपूजन समारोह में मुख्य रूप से भाजपा विधायक महेश चौघुले, शिवसेना (शिंदे गुट) शहरप्रमुख सुभाष माने, भाजपा शहराध्यक्ष रवी सावंत, शिवसेना (उद्धव गुट) के शहर प्रमुख मनोज गगे, वैशाली मिस्त्री, कल्पना शर्मा, पूर्व नगरसेवक संतोष शेट्टी, विकास निकम, श्याम अग्रवाल, उत्तर भारतीय सेल के अध्यक्ष मंगेश यादव, कांग्रेस के पंकज गायकवाड़ सहित अन्य प्रमुख नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।