सूदखोरों के आतंक से दहशत में जबलपुर का परिवार, महिला ने SP से लगाई गुहार

ब्लैंक चेक, स्टाम्प और बेटे के दस्तावेज तक ले गए सूदखोर, महिला ने मांगी पुलिस से सुरक्षा

जबलपुर। वैशाली परिसर, ग्वारीघाट की रहने वाली विनीता पटेल इन दिनों अपने घर के बाहर नहीं, बल्कि अपने घर के अंदर खौफ में जी रही हैं। कारण है – चार सूदखोर, जिनके चंगुल में उनका पूरा परिवार फंसा हुआ है। विनीता ने पुलिस अधीक्षक जबलपुर को एक शिकायती पत्र भेजते हुए न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कुछ निजी साहूकारों से ब्याज पर लिए गए पैसों ने उनकी ज़िंदगी को बर्बाद कर दिया है – इतना कि अब उनके पति मानसिक रूप से बीमार हो चुके हैं, और पूरा परिवार दहशत में है।
विनीता पटेल ने शिकायती पत्र में बताया कि पति की बीमारी के चलते उन्होंने कमल उर्फ कमलेश राजानी ( हीरा राजानी , सोनकर जी ( और चिन्टू श्रीवास्तव से अलग-अलग रकम 10 प्रतिशत से 20 प्रतिशत मासिक ब्याज दर पर ली थी। लेकिन चुकता करने के नाम पर उनके नाम के ब्लैंक चेक, स्टाम्प और यहां तक कि उनके बेटे का चेक भी ले लिया गया।
1 साल में मूलधन से ज़्यादा चुका चुकी हैं ब्याज
कमल राजानी से 4 लाख रुपये लिए थे, बदले में हर महीने 40 हजार रूपये ब्याज – मतलब साल भर में 4.80 लाख रूपये ब्याज चुका दिया, जबकि मूलधन उतना ही है। हीरा राजानी और सोनकर से 1-1 लाख लिए थे, जिसका सालाना ब्याज 1.20 लाख रूपये तक चुका चुकी हैं। चिन्टू श्रीवास्तव ने तो बोलरो और वैगनआर गाड़ी गिरवी रख ली और अब सीधे 5 लाख की मांग कर रहा है।
धमकियां, दबाव और मानसिक प्रताड़ना
विनीता का कहना है कि चारों सूदखोर हर महीने उनके घर आकर ब्याज की मांग करते हैं। पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है और चेक लगाने की धमकी दी जा रही है। ये घटनाएं न केवल उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा रही हैं, बल्कि पूरे परिवार को दहशत में डाल चुकी हैं।
घर का हाल और गुज़ारे की हकीकत
विनीता का परिवार अब एक सीमित आमदनी पर गुजर-बसर कर रहा है। पति की मानसिक बीमारी के चलते अब पूरा घर उनके बेटे पर निर्भर है, जो एक प्राइवेट नौकरी में मात्र 10-15 हजार रुपये मासिक कमाता है। जेवर, एफडी, यहां तक कि गाड़ियां भी ब्याज में खत्म हो चुकी हैं।
पुलिस से मांग: सूदखोरों पर हो सख्त कार्यवाही
विनीता ने अपने शिकायती पत्र में संबंधित चारों सूदखोरों के नाम, पते और मोबाइल नंबर सहित थाना क्षेत्र भी स्पष्ट रूप से बताया है –
कमल उर्फ कमलेश राजानी, थाना विजयनगर
हीरा राजानी, थाना विजयनगर
सोनकर, थाना लार्डगंज
चिन्टू श्रीवास्तव, थाना गढ़ा
पत्र में मांग की गई है कि इन सभी सूदखोरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि एक सामान्य महिला और उसका परिवार न्याय की उम्मीद में घुट-घुटकर न मरे।

जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button