Deoria news, अखिल भारतीय खेत मजदूर एवं ग्रामीण मजदूरों का जिला सम्मेलन सफल
अखिल भारतीय खेत मजदूर एवं ग्रामीण मजदूरों का जिला सम्मेलन सफल।
देवरिया
भलुअनी।
आज दिनांक 28 दिसंबर 2025 को भलुअनी स्थित शिवधरिया इंटर कॉलेज परिसर में अखिल भारतीय खेत मजदूर एवं ग्रामीण मजदूर का जिला सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता दर्शन प्रजापति ने की, जबकि हरिवंश प्रसाद और तारा देवी के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सम्मेलन में सर्वसम्मति से 31 सदस्यीय जिला कमेटी का गठन किया गया। इसमें कामरेड रामनिवास यादव को जिला मंत्री और कामरेड हरिवंश प्रसाद को अध्यक्ष चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर प्रदीप कुमार, परमहंस भारती एवं ऊषा देवी निर्वाचित हुए। संयुक्त मंत्री के रूप में शिवशंकर यादव और बलविंदर मौर्य, जबकि संजय कुमार गौड़ को कोषाध्यक्ष चुना गया।
सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष कामरेड सतीश कुमार ने कहा कि प्रदेश में लगातार दूसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, जिसके मुखिया योगी आदित्यनाथ हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के चुनाव में 2017 की तुलना में भाजपा की ताकत कुछ कम हुई थी और मतदाताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, मनरेगा बजट में कटौती, पुरानी पेंशन बहाली, दलितों पर बढ़ते अपराध, संविधान व लोकतंत्र की रक्षा, नफरत की राजनीति, सांप्रदायिकता, तानाशाही तथा फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य जैसे मुद्दों पर भाजपा के खिलाफ मतदान किया था।
प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में ग्राम सभा की जमीनों पर बसे गरीब और कमजोर लोगों को अतिक्रमण के नाम पर बेदखल कर उनके घर-दुकानों पर बुलडोजर चलाए गए, जिनमें कई परिवार दशकों से बसे थे।
सम्मेलन में जिला मंत्री ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आगामी तीन वर्षों के संघर्षों की रूपरेखा रखी और मनरेगा की रक्षा सहित सांप्रदायिक नीतियों के खिलाफ जन आंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिले भर से खेत मजदूर यूनियन एवं ग्रामीण मजदूरों के प्रतिनिधि शामिल हुए। साथ ही राज्य सम्मेलन के लिए 21 सदस्यों का चयन भी किया गया।



