आजमगढ़ में किराए के कमरे में सिपाही की दम घुटने से मौत

आजमगढ़: शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किराए के कमरे में रह रहे सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। देर सुबह तक दरवाज़ा नहीं खुलने पर साथ रह रहे अन्य सिपाहियों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाज़ा खोलने पर सिपाही का शव बिस्तर पर पड़ा मिला।मृतक की पहचान रंजीत मौर्या के रूप में हुई है, जो जनपद बलिया के निवासी थे और आजमगढ़ में ट्रैफिक आरक्षी के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि रविवार रात ठंड से बचने के लिए उन्होंने कमरे में अंगीठी जलाकर सोने का निर्णय लिया था। आशंका जताई जा रही है कि अंगीठी बिस्तर के पास रखी होने और कमरा पूरी तरह बंद होने के कारण धुआं भर गया, जिससे दम घुटने से उनकी मौत हो गई।सोमवार सुबह जब रंजीत काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकले तो अन्य सिपाहियों को संदेह हुआ। दरवाज़ा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां वह निढाल अवस्था में बिस्तर पर पड़े मिले। तत्काल सूचना पुलिस को दी गई।घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी शुभम तोदी, पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।



