Azamgarh News: अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार किशोर की मौत

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार की शाम लगभग 7:00 बजे अकबरपुर देवरिया गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार किशोर की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान आकाश यादव (16) पुत्र शिवचंद यादव, निवासी मार्हा कर्मनाथपट्टी थाना रौनापार के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आकाश किसी काम से बाइक से बिलरियागंज गया था और वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अकबरपुर देवरिया गांव के पास अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलरियागंज ले गई, जहां डॉक्टरों ने घायल युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
बताया जा रहा है कि आकाश दो बहनों के बीच इकलौता भाई था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।



