Azamgarh news:बासुपार बनकट में निःशुल्क मेडिकल कैंप, 150 मरीजों का इलाज व दवा वितरण
Azamgarh news: Free medical camp in Basupar Bankat, treatment of 150 patients and distribution of medicines

रिपोर्ट-इन्द्रेश राना
आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के पंचायत भवन बासुपार बनकट में रविवार को आयोजित निःशुल्क मेडिकल कैंप में ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। शिविर के दौरान करीब 150 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें मुफ्त इलाज के साथ आवश्यक दवाएं वितरित की गईं।शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. एम. एकराम ने मरीजों की जांच करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर जांच न होने से हृदय, ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी बीमारियां गंभीर रूप ले लेती हैं। ऐसे शिविरों के माध्यम से बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान कर इलाज संभव हो पाता है। उन्होंने लोगों से नियमित जांच और संतुलित जीवनशैली अपनाने की अपील की।ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अब्दुल वहाब ने बताया कि पंचायत स्तर पर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गांव के जरूरतमंद लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए हर रविवार निःशुल्क मेडिकल शिविर लगाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि किसी भी ग्रामीण को इलाज के अभाव में परेशान न होना पड़े।ग्रामीणों ने शिविर की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक सराहनीय पहल बताया और आगे भी ऐसे आयोजनों की मांग की।



