Azamgarh News: श्री मानस महायज्ञ एवं श्री राम कथा का हुआ पूर्णाहुति, भव्य भंडारे में उमड़ा आस्था का सागर

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत प्राचीन शिव मंदिर पटवध कौतुक के पावन प्रांगण में आयोजित नौ दिवसीय श्री मानस महायज्ञ एवं श्री राम कथा का कार्यक्रम भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ सम्पन्न हो गया। 12 फरवरी से प्रारंभ हुए इस धार्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र को राममय बना दिया, जहां प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन प्रातःकाल वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन का आयोजन विद्वान आचार्य श्रीकांत पांडे, राहुल पांडे एवं अरुण तिवारी के सानिध्य में सम्पन्न होता रहा। यज्ञ की पवित्र अग्नि और मंत्रों की गूंज से पूरा मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।
21 फरवरी को हवन-पूजन की पूर्णाहुति के साथ भव्य श्री राम कथा का समापन हुआ, जिसमें मर्मज्ञ कथावाचक पंडित ललित गिरी महाराज ने अपने मुखारविंद से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और भक्ति का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए। तत्पश्चात रविवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर प्रसाद रूपी भोजन ग्रहण किया। पूरे आयोजन में सेवा, समर्पण और सहयोग की अद्भुत मिसाल देखने को मिली।
इस धार्मिक कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधान पति सुरेश्वरी दत्त उपाध्याय उर्फ रमंटू बाबा, अमित राय, सुभाष राय, सूरज प्रकाश राय, सोनू राय, कौशल कुमार राय सहित समस्त ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों की सराहनीय भूमिका रही।
पूरे आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक एकता, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देते हुए श्रद्धालुओं के हृदय में भक्ति की अमिट छाप छोड़ दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button