AZAMGARH News:मेगा सीएम युवा क्रेडिट कैम्प में 180 से अधिक लाभार्थियों को लगभग 82 करोड़ रुपये के ऋण का वितरण

सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल दृजिलाधिकारी

आजमगढ़, 18 मार्च 2026/प्रदेश सरकार के नव निर्माण के 09 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में मेगा सीएम युवा क्रेडिट कैम्प का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय स्टेट बैंक द्वारा विभिन्न बैंकों एवं संबंधित विभागों के सहयोग से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवा उद्यमियों एवं लाभार्थियों ने भाग लिया।मेगा क्रेडिट कैम्प के दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त ऋण प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए 180 से अधिक लाभार्थियों के ऋण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई तथा लगभग 82 करोड़ रुपये के ऋण का वितरण किया गया। इन ऋणों के माध्यम से जनपद के युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने, अपने व्यवसाय का विस्तार करने तथा आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर प्राप्त होगा।इस अवसर पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से उन्हें अपने उद्यम स्थापित करने हेतु वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने लाभार्थियों से आह्वान किया कि वे प्राप्त ऋण का सदुपयोग कर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाएं और अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनें।जिलाधिकारी ने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सरकार द्वारा संचालित स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवा इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि बैंक एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं पारदर्शी बनाएं। उन्होने कहा कि किसी भी आवेदक के ऋण आवेदन को बिना किसी कारण निरस्त न करें, यदि आवेदन में कोई कमी हो तो आवेदक से आवश्यक अभिलेख लेकर ऋण स्वीकृति की कार्यवाही करें।कार्यक्रम में एलडीएम पवन तथा उपायुक्त उद्योग आशुतोष श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों एवं लाभार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के क्रेडिट कैम्प के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे युवाओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा।कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत तिवारी, विभिन्न राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों के प्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी, उद्यमी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button