Azamgarh News: युवा पत्रकार पंकज तिवारी का असामयिक निधन, पूरे जनपद में शोक की लहर

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
युवा पत्रकार पंकज तिवारी का असामयिक निधन, पूरे जनपद में शोक की लहर
आजमगढ़ जनपद के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत अराजी अमानी गांव निवासी युवा पत्रकार पंकज तिवारी के असामयिक निधन की खबर से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की सूचना मिलते ही पत्रकारिता जगत के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक व राजनीतिक लोगों में गहरा दुख व्याप्त हो गया।
बताया जा रहा है कि पंकज तिवारी पिछले लगभग 15 दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्हें डेंगू की शिकायत हुई थी, जिसके चलते आजमगढ़ में उनका उपचार कराया गया। इलाज के बाद उनकी स्थिति में सुधार भी हुआ था, लेकिन अचानक उनकी तबीयत फिर से बिगड़ गई। परिजनों ने गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ ले जाया, जहां उपचार के दौरान रविवार को उनका निधन हो गया।
उनके निधन के बाद पार्थिव शरीर को एंबुलेंस द्वारा चंडीगढ़ से उनके पैतृक गांव अराजी अमानी लाया गया, जहां परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें विदाई दी गई।
पंकज तिवारी अपने मृदुभाषी स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और संघर्षशील पत्रकारिता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने कम समय में ही अपनी मेहनत और लगन से पत्रकारिता के क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई थी। उनके अचानक चले जाने से न केवल पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है, बल्कि पूरे क्षेत्र ने एक होनहार युवा को खो दिया है।
इस दुखद घटना से उनके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं, जनपद भर के पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।



