AZAMGARH News:साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को पुलिस ने दिलाए 40 हजार रुपये वापस
Azamgarh news: Police got back 40 thousand rupees to the victim of cyber fraud.

AZAMGARH News:सरायमीर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के एक मामले में पुलिस की सक्रियता से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है। थाना प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई रकम में से 40,000 रुपये वापस कराए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त 2025 को एक आवेदक के मोबाइल फोन पर अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक कर्मी बताते हुए कहा कि उसका एटीएम कार्ड डिलीवर होने वाला है, लेकिन किसी कारणवश डिलीवरी नहीं हो पा रही है। उसने एक लिंक भेजकर उस पर क्लिक कर फॉर्म भरने और मात्र 3 रुपये का भुगतान करने को कहा।जैसे ही आवेदक ने लिंक पर क्लिक कर विवरण भरा, उसके खाते से कुल 1.25 लाख रुपये की ठगी हो गई। पीड़ित द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद सरायमीर थाना पुलिस ने तत्काल संबंधित बैंक से संपर्क कर 41,000 रुपये की धनराशि होल्ड कराई। आगे की कार्रवाई में होल्ड की गई राशि में से 40,000 रुपये सफलतापूर्वक पीड़ित को वापस दिलाए गए।इस सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे के साथ उपनिरीक्षक नीरज गौड़ एवं महिला आरक्षी ममता सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस की इस तत्परता और कुशल कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। साथ ही, नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी अज्ञात लिंक या कॉल पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें, ताकि साइबर अपराध से बचा जा सके।



