Azamgarh News: सप्लाई इंस्पेक्टर की सख्ती से पेट्रोल पंपों पर लौटी व्यवस्था, लेकिन गैस एजेंसियों पर अब भी भीड़ बरकरार

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
सप्लाई इंस्पेक्टर की सख्ती से पेट्रोल पंपों पर लौटी व्यवस्था, लेकिन गैस एजेंसियों पर अब भी भीड़ बरकरार
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज क्षेत्र में बीते दिनों डीजल और पेट्रोल की किल्लत की अफवाहों के चलते जहां पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी और लंबी कतारें देखने को मिल रही थीं, वहीं अब प्रशासन की सख्ती और सप्लाई इंस्पेक्टर की सक्रियता से हालात पूरी तरह सामान्य हो गए हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सप्लाई इंस्पेक्टर संतोष शर्मा और बृजेश दुबे ने खुद मैदान में उतरकर पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया और आम जनता को जागरूक किया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जनपद में डीजल और पेट्रोल की कोई कमी नहीं है, इसलिए लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही तेल खरीदें।
अधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी कि कोई भी व्यक्ति ड्रम, गैलन या बड़े बर्तनों में तेल का भंडारण करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले पंपों को सील करने तक की बात कही गई।
सप्लाई विभाग की इस मुहिम का असर भी तुरंत देखने को मिला। जो पेट्रोल पंप दो दिन पहले तक भीड़ और अव्यवस्था से जूझ रहे थे, वहां अब पूरी तरह से सामान्य स्थिति लौट आई है। लोगों को बिना किसी परेशानी के आसानी से डीजल और पेट्रोल मिल रहा है।
हालांकि, दूसरी ओर गैस एजेंसियों पर अब भी भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। इंडेन और भारत गैस गोदामों पर आज भी लंबी कतारें लगी हुई हैं, जिससे उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
सप्लाई इंस्पेक्टर द्वारा गैस एजेंसियों पर भी लगातार छापेमारी और जांच की जा रही है। कई स्थानों पर अनियमितताएं मिलने पर मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हो पाई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह से पेट्रोल पंपों की स्थिति में सुधार हुआ है, उसी तरह गैस एजेंसियों पर भी कड़ी निगरानी और प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
सप्लाई विभाग की सक्रियता ने यह जरूर साबित कर दिया है कि अगर प्रशासन मुस्तैदी से काम करे तो अफवाहों और अव्यवस्था पर काबू पाया जा सकता है। अब उम्मीद है कि गैस वितरण व्यवस्था भी जल्द ही पटरी पर लौटेगी।



