Azamgarh News: आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शातिर टप्पेबाज व अवैध असलहा लहराने वाला अभियुक्त गिरफ्तार

आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शातिर टप्पेबाज व अवैध असलहा लहराने वाला अभियुक्त गिरफ्तार
आजमगढ़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को दो अलग-अलग मामलों में महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। देवगांव और जीयनपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध असलहा व अन्य सामान बरामद किया है।
शातिर टप्पेबाज व हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
देवगांव थाना पुलिस ने टप्पेबाजी और चोरी की घटनाओं में लिप्त एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी आदित्य मिश्रा (32 वर्ष), निवासी सोफीफुर (मोहनपुर पटवास), थाना देवगांव, को वाराणसी के शिवपुर बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने हाल ही में दो घटनाओं को अंजाम दिया था। 18 मार्च को एक महिला को बाइक पर लिफ्ट देकर उसका पर्स चोरी कर लिया गया था, जबकि 30 मार्च को एक युवक से पेट्रोल पंप के पास 1120 रुपये छीन लिए गए थे। इन मामलों की जांच के दौरान आरोपी का नाम सामने आया।गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 1920 रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट जैसे आरोप शामिल हैं।इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी लालगंज उपनिरीक्षक सुभाष तिवारी, उपनिरीक्षक अभिषेक मिश्रा सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
वायरल वीडियो में तमंचा लहराने वाला युवक गिरफ्तार
वहीं, जीयनपुर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अवैध तमंचा लहराने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी रिशु, निवासी हरैया, मनिकाडीह के पास मौजूद है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बहरीपुर नहर पुलिया के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और 100 रुपये नकद बरामद हुए।इस मामले में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास नहीं पाया गया है।इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक हरीश कुमार शुक्ल और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



