Azamgarh News: कोडीन कफ सिरप से खड़ा साम्राज्य ध्वस्त, ₹50.9 लाख की अवैध संपत्ति जब्त

कोडीन कफ सिरप से खड़ा साम्राज्य ध्वस्त, ₹50.9 लाख की अवैध संपत्ति जब्त

ई-कोर्ट के आदेश पर मकान व फ्लैट बुकिंग की रकम फ्रीज, एनडीपीएस एक्ट में बड़ी कार्रवाई

आजमगढ़, 1 मई। जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोडीन कफ सिरप मामले में आरोपी विकास सिंह “नरवे” की करीब ₹50.9 लाख की अवैध संपत्ति को ई-कोर्ट के आदेश पर जब्त/फ्रीज कर दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई में साइबर क्राइम पुलिस की सटीक विवेचना से अवैध संपत्ति का पूरा नेटवर्क उजागर हुआ।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपराध से अर्जित धन से अपने पैतृक गांव में लगभग ₹27.25 लाख की लागत से मकान बनवाया। इसके अलावा लखनऊ के गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित शालीमार वन वर्ल्ड प्रोजेक्ट में एक फ्लैट बुक कराया, जिसमें ₹23.64 लाख की अग्रिम धनराशि जमा की गई थी। इस धनराशि को संबंधित कंपनी खाते में फ्रीज कर दिया गया है।

मामले में थाना दीदारगंज में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(2) के तहत फ्रीजिंग ऑर्डर जारी किया गया। इसके बाद नई दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकरण द्वारा सुनवाई के उपरांत संपत्तियों को जब्त करने का आदेश पारित किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से भी विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई से अपराधियों में दहशत का माहौल है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button