Jaunpur news:श्रमिक दिवस पर जौनपुर में श्रमिकों का सम्मान, डीएम ने दिया अवकाश और कराया सामूहिक भोज
निर्माणाधीन जिला कारागार रसैना में जागरूकता कार्यक्रम, 50 श्रमिक सम्मानित, स्वास्थ्य शिविर व पंजीकरण कैंप भी लगा

ब्यूरो प्रमुख जौनपुर बरसाती लाल
जौनपुर: 1 मई अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को निर्माणाधीन जिला कारागार रसैना में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में श्रमिकों के हित में एक विशेष जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने करीब 50 महिला एवं पुरुष श्रमिकों को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही श्रमिकों को फल वितरित किए गए और उनके बच्चों को चॉकलेट बांटी गई। इस खास मौके पर श्रमिकों को कार्य से अवकाश भी दिया गया और उनके लिए सार्वजनिक भोज की व्यवस्था कराई गई।जिलाधिकारी ने सभी श्रमिकों को श्रमिक दिवस की बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि श्रमिक समाज और विकास की रीढ़ हैं, जिनके परिश्रम और समर्पण से ही निर्माण कार्यों को गति मिलती है।उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ हर श्रमिक तक पहुंचना चाहिए, इसके लिए सभी श्रमिकों को श्रम विभाग में पंजीकरण अवश्य कराना चाहिए। साथ ही उन्होंने श्रमिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों के लिए पंजीकरण कैंप और स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। सहायक श्रमायुक्त देवव्रत यादव ने श्रम विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए श्रमिकों से पंजीकरण कराने की अपील की।इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव, जेल अधीक्षक, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।



