पलामू में बनी फिल्म पेड़ चलता है ने दी अन्तर्राष्ट्रीय दरवाजे पर दस्तक ,कांस फिल्म फेस्टिवल में दिखेगा पलामू की झलक

Palamu-made film Ped Chalta Hai has knocked on the doors of the international arena; a glimpse of Palamu will be seen at the Cannes Film Festival.

पलामू। दुनिया की सबसे समृद्ध और पुरानी फिल्म फेस्टिवल में से एक कांस में दिखेगी पलामू में बनी फिल्म पेड़ चलता है। इस फिल्म सिलेक्शन कांस फिल्म फेस्टिवल के वर्ल्ड प्रीमियर कैटेगरी में हुआ है। फिल्म को कोलकाता के जाने माने निर्देशक देवादित्य बंदोपाध्याय ने निर्देशित किया है। इस पूरी फिल्म की शूटिंग पलामू टाइगर रिजर्व के जंगल, पलामू किला, शाहपुर किला व मेदिनीनगर के कुछ जगहों पर की गई है। दूरभाष पर बात करते हुए फिल्म के निर्देशक देवादित्य बंदोपाध्याय ने कहा कि इस फिल्म की कहानी जल, जंगल, जमीन व इससे जुड़े लोगों की है, जिसे थ्रिलर व सस्पेंस के ट्रीटमेंट के साथ बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म को आउटलाइन एक्सप्रेशन के बैनर तले मासूम आर्ट ग्रुप के सहयोग से बनाया गया है। इसके क्रिएटिव प्रोड्यूसर अमित बहल है। फिल्म की मूल कहानी बंगला में है जिसका लेखन पुलक दास ने किया है, इसका हिंदी पटकथा व संवाद पलामू के जाने माने रंगकर्मी व छायाकार सैकत चटर्जी का लिखा हुआ है। इस फिल्म में मुंबई के कलाकार वीरेंद्र सक्सेना, प्रमोद पाठक, कुमार सौरभ व सतेंद्र सोनी, कोलकाता के मैनाक बनर्जी व सुब्रत बनर्जी के साथ साथ पलामू के मासूम आर्ट ग्रुप से जुड़े कलाकारों का योगदान रहा है।निर्देशक ने कहा कि इस फिल्म में पलामू की प्राकृतिक सुंदरता को भी काफी प्रभावशाली ढंग से फिल्माया गया है। इसके डीओपी विक्रम आनंद सावरेवाल बेबे है जबकि म्यूजिक डायरेक्टर आनंद भास्कर है। फिल्म के फाइट डायरेक्टर पलामू के जाने मानेे खेल प्रशिक्षक सुमित वर्मन है।
सैकत चटर्जी ने कहा कि अगर पलामू में शूट की हुई फिल्म कांस फिल्म में दिखाई जा रही है तो यह पलामू ही नहीं झारखंड के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि पलामू के रंगमंच से जुड़े कलाकारों ने साबित कर दिया है कि अगर उन्हें मौका मिले तो वो धमाल कर सकते है। निर्देशक ने कहा कि जल्द ही आयोजकों के द्वारा प्रदर्शन की तारीख व समय जारी किया जाएगा। इस फिल्म फेस्टिवल में सिर वैसी ही फिल्मों को प्रीमियर कैटेगरी में चुना जाता है जिसका अभी तक कही भी प्रदर्शन नहीं हुआ हो। उन्होंने कहा कि कांस में प्रीमियर होने के बाद यह तय किया जाएगा कि इस फिल्म को आगे और किन किन फिल्म फेस्टिवल में भेजा जाएगा। पलामू के जिन कलाकारों को देखा जाएगा उनमें कामख्या प्रसाद सिन्हा, सैकत चटर्जी, मुरारी पांडेय, अमर भांजा, उज्ज्वल सिन्हा, अविनाश पाण्डेय, उज्ज्वल सिन्हा, मन्नू राईन, मो नसीम, शहजादा तालिब, मुकेश विश्वकर्मा, गुलशन मिश्रा, आशना भेंगरा, कनक लता तिर्की, वर्षा, गोविंदा, प्रकाश, आलोक नाथ, आदर्श पांडेय, मो कैफ, अमर्त्य, अरिंदम आदि शामिल है। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त निर्देशक सत्यजीत राय की बंगला फिल्म अरननेर दिन रात्रि को कांस फिल्म फेस्टिवल के आर्काइव सेक्शन में दिखाया गया था। बंगला भाषा की इस श्वेत श्याम फिल्म में शर्मिला टैगोर, सिम्मी ग्रेवाल, सौमित्र चटर्जी, टीनू आनंद जैसे कलाकार उस समय पलामू आए थे। इसकी शूटिंग केचकी, बेतला, गारू, छिपादोहर आदि जगहों पर हुई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button