Azamgarh News: सम्राट पृथ्वीराज चौहान शब्द भेदी सेना ने दी ₹23 हजार की आर्थिक सहायता

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
सम्राट पृथ्वीराज चौहान शब्द भेदी सेना ने दी ₹23 हजार की आर्थिक सहायता
आजमगढ़ जनपद के ग्राम सभा उकरौरा में इंसानियत और सामाजिक सरोकार की एक भावुक मिसाल देखने को मिली, जब सम्राट पृथ्वीराज चौहान शब्द भेदी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन चौहान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजय चौहान तथा जिला अध्यक्ष एवं जिला पंचायत क्षेत्र जयराजपुर प्रत्याशी सुनील चौहान द्वारा गंभीर बीमारी से जूझ रहे मासूम दिव्यांश बाबू को ₹23,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
ग्राम सभा उकरौड़ा निवासी लगभग 2 वर्षीय मासूम दिव्यांश चौहान, पिता अकलविहारी चौहान, जन्म से ही गंभीर हृदय रोग से पीड़ित है। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे के दिल में छेद है तथा दिल की नस सिकुड़ गई है, जिसके कारण भोजन सही तरीके से शरीर में नहीं पहुंच पा रहा है और खाना दो भागों में बंट जा रहा है। डॉक्टरों ने बच्चे का जल्द से जल्द ऑपरेशन कराने की सलाह दी है। बताया गया कि दिव्यांश का ऑपरेशन 2 वर्ष की आयु पूर्ण होने से पहले होना बेहद जरूरी है, अन्यथा स्थिति और गंभीर हो सकती है।
मासूम की गंभीर हालत और परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सम्राट पृथ्वीराज चौहान शब्द भेदी सेना के पदाधिकारियों ने मानवीय पहल करते हुए ₹23 हजार की सहायता राशि परिवार को सौंपी। इस दौरान उपस्थित लोगों ने संगठन के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज में ऐसे सहयोग और संवेदनशीलता की आज सबसे अधिक आवश्यकता है।
परिवार के सदस्यों ने भावुक होकर सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सहायता उनके लिए उम्मीद की नई किरण बनकर आई है। गांव के लोगों ने भी दिव्यांश के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए समाज के सक्षम लोगों से आगे आकर मदद करने की अपील की।
यह पहल न केवल एक मासूम की जिंदगी बचाने का प्रयास है, बल्कि समाज में मानवता, सहयोग और संवेदना का प्रेरणादायक संदेश भी देती है।



