Azamgarh News: अवैध नियुक्ति प्रकरण के ₹51.46 लाख वेतन घोटाले में तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरफ्तार, 

आजमगढ़ बलरामपुर पटवध से बबलू राय

अवैध नियुक्ति प्रकरण के ₹51.46 लाख वेतन घोटाले में तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरफ्तार,

आजमगढ़ जनपद में अवैध रूप से नियुक्त 10 अध्यापकों को लाखों रुपये वेतन भुगतान किए जाने के चर्चित मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बुधवार सुबह कुँवर सिंह उद्यान क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।

प्रकरण में उप निदेशक समाज कल्याण, आजमगढ़ मंडल आर.के. चौरसिया द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में कहा गया था कि अवैध रूप से नियुक्त 10 अध्यापकों को नियम विरुद्ध वेतन भुगतान किया गया है। मामले की जांच के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों की एक समिति गठित की गई थी। जांच में यह तथ्य सामने आया कि इन अवैध नियुक्त अध्यापकों को कुल ₹51,46,780 का अनियमित भुगतान किया गया।

जांच रिपोर्ट में तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी तथा प्रधान सहायक सत्येन्द्र बहादुर सिंह को दोषी पाया गया। इसके आधार पर थाना कोतवाली में 9 मई 2026 को मुकदमा संख्या 211/2026 धारा 61(2)/316(5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस के अनुसार बुधवार को प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में निरीक्षक रफी आलम एवं पुलिस टीम ने आरोपी राजेश चौधरी पुत्र स्वर्गीय रामनिहाल निवासी ग्राम महमदपुर हमजा थाना जलालपुर जनपद अंबेडकरनगर, हाल पता जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय आजमगढ़ को सुबह करीब 7:20 बजे कुँवर सिंह उद्यान से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी, महिला उपनिरीक्षक प्रियंका तिवारी, हेड कांस्टेबल अभय कुमार सिंह, कांस्टेबल सुमित कुमार एवं कांस्टेबल सत्येन्द्र पाठक शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है तथा अन्य संबंधित बिंदुओं की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद विभागीय हलकों में हड़कंप मचा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button