Azamgarh News: आजमगढ़ में रेलवे ट्रैक पार करते समय हादसा,महिला की दर्दनाक मौत

आजमगढ़ में रेलवे ट्रैक पार करते समय हादसा,महिला की दर्दनाक मौत
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के शाहगढ़ गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में वृद्ध महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं, आरपीएफ और सिधारी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार, शाहगढ़ गांव निवासी 65 वर्षीय कलावती देवी, पत्नी स्वर्गीय श्यामलाल राम, शुक्रवार सुबह घर से निकली थीं। बताया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय वह बलिया-शाहगंज पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर मृतका के बड़े पुत्र विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अपनी मां कलावती देवी के रूप में की। इसके बाद सिधारी थाना के उपनिरीक्षक मनीष मिश्रा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मृतका अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गई हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।



