Azamgarh News: विधायक नफीस अहमद ने कहा कि “गर्मी से बेहाल जनता, अंधेरे में डूबा इलाका,अब सड़क पर संघर्ष की चेतावनी”

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
विधायक नफीस अहमद ने कहा कि “गर्मी से बेहाल जनता, अंधेरे में डूबा इलाका,अब सड़क पर संघर्ष की चेतावनी”
आजमगढ़ जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है। खासकर गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। इसी जनसमस्या को लेकर गोपालपुर विधानसभा के विधायक नफीस अहमद ने मुख्य अभियंता से मुलाकात कर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता लगातार बिजली कटौती से त्रस्त है। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आज अधिकारियों के दफ्तर में बात हो रही है, लेकिन कल जनता के साथ सड़क पर आंदोलन होगा और अधिकारियों को भी वहीं आना पड़ेगा। विधायक के इस तेवर से साफ है कि अब बिजली संकट राजनीतिक और जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि दिन में किसी तरह काम चल भी जाए, लेकिन रात की कटौती ने लोगों की नींद और चैन दोनों छीन लिया है। भीषण उमस और गर्मी के बीच रात में केवल दो से तीन घंटे ही बिजली मिल पा रही है। दिनभर मेहनत-मजदूरी करने वाला गरीब व्यक्ति जब रात में घर लौटता है तो उसे सुकून की नींद भी नसीब नहीं हो रही। बिजली कटौती के कारण घरों में पंखे और कूलर बंद पड़े हैं, छोटे बच्चे पूरी रात रोते रहते हैं, बुजुर्ग गर्मी से बेहाल हैं और मरीजों की हालत सबसे ज्यादा खराब हो रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में हालात और भी चिंताजनक बताए जा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारी शिकायतों के बावजूद गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। लगातार ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और घंटों की कटौती ने लोगों के अंदर भारी नाराजगी पैदा कर दी है। जनता का कहना है कि जब सरकार 24 घंटे बिजली देने का दावा करती है तो आखिर इतनी बड़ी कटौती क्यों हो रही है।
विधायक नफीस अहमद ने मुख्य अभियंता से मांग की कि क्षेत्र में तत्काल विद्युत व्यवस्था सुधारी जाए, रात की कटौती बंद हो और खराब ट्रांसफार्मरों व जर्जर लाइनों को ठीक कराया जाए ताकि जनता को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जनता की पीड़ा अब बर्दाश्त से बाहर हो चुकी है और यदि बिजली विभाग ने जल्द सुधार नहीं किया तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
अब देखने वाली बात यह होगी कि विधायक की यह चेतावनी और मुख्य अभियंता से हुई मुलाकात बिजली विभाग पर कितना असर डालती है, क्योंकि इस वक्त गोपालपुर क्षेत्र की जनता को सबसे ज्यादा इंतजार राहत भरी बिजली का है, ताकि तपती रातों में उन्हें कुछ सुकून मिल सके।



