Azamgarh News:पत्रकारों की एकजुटता से मजबूत होगा संगठन, पत्रकार हितों की लड़ाई को मिलेगा नया आयाम
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
पत्रकारों की एकजुटता से मजबूत होगा संगठन, पत्रकार हितों की लड़ाई को मिलेगा नया आयाम
आइडियल पत्रकार संगठन की मेहनगर तहसील इकाई द्वारा स्वागत समारोह एवं पत्रकार गोष्ठी का आयोजन, राष्ट्रीय सचिव का मनाया गया जन्मदिन
आजमगढ़ जनपद के मेंहनगर कस्बा स्थित आइडियल पत्रकार संगठन की मेहनगर तहसील इकाई के नेतृत्व में रविवार को कस्बा स्थित खाकी बाबा की तपस्थली निरंजन कुटी परिसर में स्वागत समारोह एवं पत्रकार गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया और संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संगठन के मुख्य राष्ट्रीय सचिव अजय कुमार मिश्रा रहे। संयोगवश रविवार को उनका जन्मदिन भी था। इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने केक काटकर उनका जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। पत्रकारों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित भी किया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में पत्रकारों की एकजुटता और मजबूत संगठन ही उनके अधिकारों की रक्षा कर सकता है। बैठक में पत्रकार सुरक्षा कानून, पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य एवं बीमा सुविधाएं, मान्यता संबंधी समस्याएं तथा शासन स्तर पर पत्रकारों को मिलने वाली सुविधाओं को सुनिश्चित कराने जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा हुई।
मुख्य राष्ट्रीय सचिव अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना है। इसके लिए संगठन लगातार प्रयासरत है और भविष्य में भी पत्रकार हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सभी पत्रकारों से संगठन को मजबूत बनाने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। संगठन के कार्यों को और विस्तृत रूप देने के लिए राहुल पांडे को प्रभारी जिला अध्यक्ष बनाया गया है। और भी संगठन में कई लोगों को पदासीन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक मकसूद अहमद आजमी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनिल सिंह, प्रदेश प्रभारी राम नरायन राय उर्फ बबलू राय, दुर्गा सिंह, उप सचिव प्रेम प्रकाश दुबे, रोशन लाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के अंत में मेहनगर तहसील अध्यक्ष जयप्रकाश श्रीवास्तव द्वारा सभी अतिथियों एवं पत्रकार बंधुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई थी। गोष्ठी में लगभग 50सों पत्रकारों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा पत्रकार हितों की मजबूती के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।



