Azamgarh News:आजमगढ़ में दो सड़क हादसों में बुजुर्ग और मासूम की मौत, परिजनों ने दर्ज कराई तहरीर

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

आजमगढ़ में दो सड़क हादसों में बुजुर्ग और मासूम की मौत, परिजनों ने दर्ज कराई तहरीर

आजमगढ़ जनपद में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो दर्दनाक सड़क हादसों में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग और एक 10 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। दोनों मामलों में परिजनों ने संबंधित थानों में तहरीर देकर वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पहली घटना फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सहजेरपुर गांव की है। यहां निवासी रामनरायन मौर्य (65) पुत्र रामजीत मौर्य शुक्रवार शाम करीब 4:40 बजे पैदल नहर पटरी के रास्ते स्थानीय बाजार शाहजेरपुर जा रहे थे। आरोप है कि लाल बहादुर के खेत के सामने खड़े ट्रक संख्या UP 44 T 9028 के चालक ने बिना इंडिकेटर दिए अचानक तेज गति से ट्रक बैक करना शुरू कर दिया। ट्रक की चपेट में आने से राम नारायण मौर्य सड़क पर गिर पड़े और पीछे का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई रामपलट मौर्य ने ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए फूलपुर कोतवाली में तहरीर दी है।

दूसरी घटना सिधारी थाना क्षेत्र के शाहगढ़ गांव की है। रविवार सुबह करीब 6 बजे ऋसु चौहान (10) पुत्र परवेश चौहान गांव स्थित रामधनी जायसवाल की दुकान पर बैठा था। आरोप है कि मैजिक वाहन संख्या UP50ET1894 का चालक अमन मौर्य पुत्र श्रीकांत मौर्य, निवासी शाहगढ़, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए वहां पहुंचा और बालक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल ऋसु को पहले लाइफ लाइन अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की मां ज्ञानमती देवी पत्नी परवेश चौहान ने सिधारी थाने में तहरीर देकर आरोपी चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

दोनों हादसों के बाद संबंधित परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राप्त तहरीरों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button