Azamgarh News:मानव तस्करी मामले में बड़ी सफलता, नाबालिग को राजस्थान में बेचने की आरोपी महिला गिरफ्तार
आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
मानव तस्करी मामले में बड़ी सफलता, नाबालिग को राजस्थान में बेचने की आरोपी महिला गिरफ्तार
आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना पुलिस ने मानव तस्करी के एक गंभीर मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रही महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर राजस्थान में बेचने की साजिश में शामिल होने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2024 को रौनापार थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति की तहरीर पर उसकी नाबालिग बहन को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान, चिकित्सीय परीक्षण एवं आयु संबंधी अभिलेखों के आधार पर मामले में मानव तस्करी और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं। जांच में सुनील यादव, अनिल यादव, पुष्पा, श्रीमती देवी तथा एक अज्ञात खरीदार की संलिप्तता सामने आई।
इस मामले में मुख्य अभियुक्त सुनील यादव और अनिल यादव को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि श्रीमती देवी की गिरफ्तारी भी पूर्व में हो चुकी थी। शेष वांछित सह-अभियुक्ता पुष्पा पुत्री श्रीराम की तलाश लगातार की जा रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष रौनापार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सोमवार सुबह चिलबिली रोड स्थित सपहा पाठक तिराहे से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद नियमानुसार उसके परिजनों को सूचना दी गई तथा उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्ता पुष्पा मूल रूप से ग्राम नकीब खोजौली, थाना रौनापार की निवासी है तथा वर्तमान में राजस्थान के चूरू जनपद के सरदारशहर थाना क्षेत्र स्थित खिलेरिया गांव में रह रही थी।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक चन्द्रदेव यादव, उपनिरीक्षक सुमित सिंह, महिला कांस्टेबल आरजू तथा कांस्टेबल सिकन्दर बासफोर शामिल रहे।



