Azamgarh News:संघर्ष और मेहनत रंग लाई: सरायमोहन के हिमांशु राय बने कृषि विभाग में तकनीकी सहायक, गांव में जश्न का माहौल

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय की खास रिपोर्ट

संघर्ष और मेहनत रंग लाई: सरायमोहन के हिमांशु राय बने कृषि विभाग में तकनीकी सहायक, गांव में जश्न का माहौल

ठेकमा (आजमगढ़)। कहते हैं कि मेहनत, लगन और परिवार का त्याग कभी व्यर्थ नहीं जाता। इसी कहावत को चरितार्थ करते हुए ठेकमा विकासखंड के ग्राम सरायमोहन निवासी हिमांशु राय ने उत्तर प्रदेश कृषि विभाग में तकनीकी सहायक पद पर चयनित होकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे गांव का नाम रोशन किया है। चयन की सूचना मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई और गांव के लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

हिमांशु राय, विनोद राय एवं उषा राय के पुत्र हैं। चार बहनों के बीच वह इकलौते भाई हैं। उनकी बड़ी बहनें अंजू राय और अंशु राय गृहिणी हैं, जबकि छोटी बहनें निशु राय और निधि राय परिषदीय विद्यालयों में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। परिवार की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और संस्कारों का ही परिणाम है कि आज घर के बच्चों ने अपने-अपने क्षेत्र में सफलता हासिल की है।

परिवार के अनुसार हिमांशु बचपन से ही पढ़ाई में होनहार और मेहनती रहे हैं। उन्होंने हाईस्कूल की शिक्षा बिजौली इंटर कॉलेज, ठेकमा से तथा इंटरमीडिएट बरदह इंटर कॉलेज से पूरी की। इसके बाद आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, अयोध्या से कृषि विषय में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। स्नातक के बाद उन्होंने वाराणसी में लगातार चार वर्षों तक कठिन परिश्रम और समर्पण के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की। आखिरकार उनकी मेहनत सफल हुई और उनका चयन उत्तर प्रदेश कृषि विभाग में तकनीकी सहायक पद पर हो गया।

हिमांशु की माता उषा राय ने भावुक होकर बताया कि उन्होंने स्वयं वर्ष 1982 में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की थी। परिवार की जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने अपने पति विनोद राय के साथ कृषि कार्य करते हुए बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कभी बच्चों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। आज बेटे की सफलता ने वर्षों के संघर्ष और त्याग को सार्थक कर दिया है।

हिमांशु की इस उपलब्धि से गांव के युवाओं में भी नई प्रेरणा का संचार हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास किया जाए तो ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी बड़ी सफलताएं प्राप्त की जा सकती हैं।

इस अवसर पर देवेंद्र राय, अरुण राय, बबलू राय, घनश्याम राय, बृजेश राय, शरद राय, विजय राय (कोटेदार) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिमांशु राय और उनके परिवार को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button