Azamgarh News:घाघरा नदी में डूबे युवक का तीसरे दिन मिला शव
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
घाघरा नदी में डूबे युवक का तीसरे दिन मिला शव
रौनापार क्षेत्र के झगरहवा गांव के पास नदी किनारे मिला शव
आजमगढ़ जिले के महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के अराजी गंगापुर गांव के समीप घाघरा नदी में डूबे 18 वर्षीय युवक का शव घटना के तीसरे दिन मंगलवार को रौनापार थाना क्षेत्र के झगरहवा गांव के पास नदी किनारे बरामद हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, राजन (18) पुत्र संजय, निवासी ग्राम साबितपुर, करीब 10 दिन पहले अपने ननिहाल अराजी गंगापुर आया था। रविवार को वह घाघरा नदी में भैंस धोने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में डूब गया और तेज बहाव में लापता हो गया।
घटना के बाद पुलिस, SDRF टीम, स्थानीय लोगों, नाविकों और मछुआरों द्वारा लगातार दो दिनों तक नदी में सघन खोज अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। खोजबीन के दौरान मंगलवार दोपहर रौनापार थाना क्षेत्र के झगरहवा गांव के पास नदी किनारे एक युवक का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। SDRF टीम ने सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही महराजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। पहचान के बाद शव राजन का निकला, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। राजन अपने परिवार का इकलौता पुत्र बताया जा रहा है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।



