Azamgarh news :बड़े मंगलवार के अवसर पर सुंदरकाण्ड एवं विशाल भंडारे का भव्य आयोजन
बड़े मंगलवार के अवसर पर सुंदरकाण्ड एवं विशाल भंडारे का भव्य आयोजन

हनुमानगढ़ी मंदिर, जमुरी खरेलिया ढाला मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
रिपोर्टर इंद्रेश राणा
सगड़ी/आजमगढ़।
बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर हनुमानगढ़ी मंदिर, जमुरी खरेलिया ढाला मंदिर परिसर में सुंदरकाण्ड पाठ एवं विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे दिन मंदिर परिसर “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष से भक्तिमय बना रहा।
जानकारी के अनुसार मंगलवार प्रातः 7:00 बजे सुंदरकाण्ड पाठ का शुभारंभ हुआ, जिसके पश्चात हनुमान जी की आरती एवं पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जो शाम लगभग 5:00 बजे तक निरंतर चलता रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की।
यह धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन पंडित नागिन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, लाटघाट के सौजन्य से संपन्न हुआ। आयोजनकर्ता एवं निवेदक मनीष कुमार मिश्रा (पिंटू), सगड़ी, आजमगढ़ ने बताया कि बड़े मंगलवार के अवसर पर प्रत्येक वर्ष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य समाज में धार्मिक आस्था, भाईचारा और सेवा की भावना को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रधान, पूर्व प्रधान, ग्राम सचिव, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की भव्यता की प्रशंसा करते हुए इसे सामाजिक एकता और धार्मिक सद्भाव का प्रतीक बताया।
पूरे आयोजन के दौरान स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा। प्रसाद वितरण की व्यवस्था सुव्यवस्थित रही, जिससे दूर-दराज़ से आए भक्तों ने भी सहजता से प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।



