Azamgarh News:खेत में मजदूरी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

खेत में मजदूरी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

आजमगढ़ जनपद के कंन्धरापुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम तेज बारिश और गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंधरापुर थाना क्षेत्र के शाहपुर मौलानी गांव निवासी हरेंद्र पासवान (23) पुत्र हरिलाल पासवान बुधवार शाम मजदूरी करने के लिए खेत में गया था। उसके साथ दो-तीन अन्य मजदूर भी खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई और गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली खेत में गिर गई। इसकी चपेट में आने से हरेंद्र गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि उसके साथ मौजूद दो अन्य मजदूर भी मामूली रूप से झुलस गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल मजदूरों को बाहर निकाला। हरेंद्र की हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं, मामूली रूप से झुलसे दोनों मजदूरों का प्राथमिक उपचार कराया गया, जिसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतक हरेंद्र पासवान तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता हरिलाल पासवान भी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे शाहपुर मौलानी गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button