Azamgarh news :फूलपुर कोतवाल देवेंद्र प्रताप सिंह की सख्ती से अपराधियों में खौफ, दो पक्षों की खूनी मारपीट में 14 आरोपी गिरफ्तार

फूलपुर कोतवाल देवेंद्र प्रताप सिंह की सख्ती से अपराधियों में खौफ, दो पक्षों की खूनी मारपीट में 14 आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

थाना फूलपुर के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह के कार्यभार संभालने के बाद से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार प्रभावी कार्रवाई देखने को मिल रही है। अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी, नियमित चेकिंग अभियान तथा त्वरित पुलिस कार्रवाई के कारण कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय परिणाम सामने आ रहे हैं।

इसी क्रम में खानपुर चितरावल गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुई प्राणघातक मारपीट के मामले में फूलपुर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दोनों पक्षों के कुल 14 अभियुक्तों एवं अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चार लकड़ी के डंडे और एक लोहे की रॉड भी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई को गांव में पुरानी रंजिश के चलते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना के संबंध में थाना फूलपुर में मुकदमा दर्ज कर तत्काल विवेचना शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी फूलपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 6 जुलाई को दो चरणों में कार्रवाई करते हुए सभी 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए गए। गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के कारण विवाद और मारपीट की बात स्वीकार की है। सभी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि जब से प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने फूलपुर कोतवाली की कमान संभाली है, तब से अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी, संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग और वांछित अपराधियों की धरपकड़ से अपराधियों में पुलिस का खौफ बढ़ा है। हालिया कार्रवाई भी इसी सक्रिय और प्रभावी पुलिसिंग का उदाहरण मानी जा रही है।

इस सफल अभियान में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय गौड़ सहित थाना फूलपुर की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसकी पुलिस अधिकारियों द्वारा सराहना की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button