Azamgarh News:आजमगढ़ में डबल मर्डर से दहला गांव, कुल्हाड़ी से दादा और पोते की निर्मम हत्या, मातम में डूबा परिवार, एसएसपी बोले हर पहलू पर जांच जारी

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

आजमगढ़ में डबल मर्डर से दहला गांव, कुल्हाड़ी से दादा और पोते की निर्मम हत्या, मातम में डूबा परिवार, एसएसपी बोले हर पहलू पर जांच जारी

आजमगढ़। जनपद के पवई थाना क्षेत्र के हेवती डीहवा गांव में गुरुवार की देर रात हुई दोहरी हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अज्ञात हमलावर ने एक ही परिवार के बुजुर्ग और उनके पोते की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। सुबह होते-होते पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल फैल गया। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

मृतकों की पहचान जगदंबा प्रसाद यादव (70) तथा उनके 25 वर्षीय पोते अंकित यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जगदंबा प्रसाद यादव रोज की तरह अपने घर से लगभग 300 मीटर दूर स्थित ट्यूबवेल पर सो रहे थे। वहीं अंकित अपने घर में चचेरी दादी फूलमती और दो भाइयों के साथ सोया हुआ था।

देर रात अज्ञात हमलावर घर में घुसा और सो रहे अंकित पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अंकित की चीख सुनकर चचेरी दादी फूलमती की नींद खुली। उन्होंने तत्काल परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया। आनन-फानन में घायल अंकित को अंबेडकर नगर के नगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अंकित की मौत की सूचना देने के लिए जब परिवार के लोग ट्यूबवेल पर सो रहे जगदंबा प्रसाद यादव के पास पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। जगदंबा प्रसाद यादव भी खून से लथपथ मृत पड़े थे। उनके गले और शरीर पर धारदार हथियार के गहरे निशान मिले, जिससे स्पष्ट हुआ कि उनकी भी बड़ी बेरहमी से हत्या की गई है।

एक ही रात में दादा और पोते की हत्या की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते गांव में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। घर में कोहराम मच गया और महिलाओं के विलाप से माहौल गमगीन हो उठा। ग्रामीण इस जघन्य वारदात से स्तब्ध हैं और इलाके में भय का वातावरण बना हुआ है।

सूचना मिलते ही पवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार स्वयं घटनास्थल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। एसएसपी के निर्देश पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया तथा महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

जांच के दौरान पुलिस को घर से लगभग 100 मीटर दूर खेत में खून से सनी एक कुल्हाड़ी बरामद हुई। पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि रात करीब दो बजे घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक लेनदेन और आपसी विवाद की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि घटना का शीघ्र खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस की टीमें लगातार जांच एवं पूछताछ में जुटी हुई हैं। इस दर्दनाक दोहरे हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को शोक और दहशत में डाल दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button