Azamgarh News:सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम में HPV टीकाकरण का दिया गया संदेश, ‘कैंसर मुक्त भारत’ का दिलाया संकल्प

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम में HPV टीकाकरण का दिया गया संदेश, ‘कैंसर मुक्त भारत’ का दिलाया संकल्प

आजमगढ़ जनपद में महामहिम राज्यपाल उत्तर प्रदेश श्रीमती आनंदीबेन पटेल के दिशा-निर्देश में स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन, लखनऊ द्वारा संचालित “आनंदी मां–एक जीवन बचाओ” अभियान एवं “कैंसर मुक्त भारत यात्रा” के अंतर्गत मंगलवार को कंपोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय, हाइडिल कॉलोनी, सिधारी (नगर क्षेत्र) में सर्वाइकल कैंसर (एचपीवी) जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं, महिलाओं एवं स्थानीय नागरिकों सहित लगभग 100 लोगों ने भाग लेकर कैंसर से बचाव और एचपीवी टीकाकरण का संदेश ग्रहण किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती मीरा सिंह ने की। अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक तैयार करने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से समय पर जांच, एचपीवी टीकाकरण और सही जानकारी के माध्यम से बचाव संभव है। उन्होंने छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और नागरिकों से स्वयं जागरूक बनने तथा अपने परिवार और समाज को भी इस विषय में जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन की पूर्वांचल संयोजक पूजा सिंह एवं जिला संयोजक एवं ब्रांड एंबेसडर डॉ. विपिन यादव ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, समय पर जांच, एचपीवी टीकाकरण, स्वस्थ जीवनशैली और कैंसर से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महामहिम राज्यपाल के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा यह अभियान समाज को कैंसर के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और प्रत्येक पात्र बालिका एवं महिला को समय पर एचपीवी टीकाकरण कराना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान कैंसर जागरूकता रैली निकाली गई तथा उपस्थित सभी लोगों को “कैंसर मुक्त भारत” का संकल्प दिलाया गया। कृषि अनुदेशक अभय कुमार यादव ने सभी अतिथियों, आयोजकों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता फैलाने का भी प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी से कैंसर से बचाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

यह कार्यक्रम दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट एवं उपजा उप वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा सभी प्रतिभागियों ने “आनंदी मां–एक जीवन बचाओ” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button