Azamgarh News:मेडिकल अवकाश पर चल रहे हेड कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
मेडिकल अवकाश पर चल रहे हेड कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के ग्राम मठ विसम्भर निवासी एवं जनपद बलिया पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल अखिलेश राय (57) की गुरुवार सुबह बीमारी के दौरान घर पर मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक के पुत्र राजेश राय ने बिलरियागंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके पिता अखिलेश राय, जो बलिया पुलिस लाइन में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे, लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और मेडिकल अवकाश पर घर पर रहकर उपचार करा रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे उनकी अचानक मृत्यु हो गई।
परिजनों ने घटना की सूचना बलिया पुलिस को भी दे दी है तथा शव का पोस्टमार्टम कराने की इच्छा जताई। सूचना के आधार पर बिलरियागंज पुलिस ने आवश्यक प्रविष्टि दर्ज कर उपनिरीक्षक योगेंद्र कुमार पाल को मौके पर भेजा। पुलिस द्वारा पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना स्थल पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और कानून-व्यवस्था संबंधी कोई समस्या नहीं है।



