Azamgarh News:भावभीनी विदाई में छलके जज़्बात, उप शिक्षा निदेशक एवं डायट प्राचार्य अमरनाथ राय को भव्य सम्मान के साथ दी गई विदाई

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय

भावभीनी विदाई में छलके जज़्बात, उप शिक्षा निदेशक एवं डायट प्राचार्य अमरनाथ राय को भव्य सम्मान के साथ दी गई विदाई

आजमगढ़। हरिऔध कला केंद्र, आजमगढ़ में शुक्रवार को उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य, डायट आजमगढ़ श्री अमरनाथ राय के सेवानिवृत्ति सम्मान एवं विदाई समारोह का अत्यंत भव्य और भावनात्मक आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा जगत से जुड़े अधिकारियों, प्रवक्ताओं, शिक्षकों एवं उनके शुभचिंतकों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उनके लंबे, प्रेरणादायी एवं समर्पित सेवाकाल को नमन किया।

कार्यक्रम में श्री अमरनाथ राय अपनी धर्मपत्नी, दोनों पुत्रियों, पुत्र, भाई एवं मित्रों के साथ उपस्थित रहे। उनके सम्मान में आयोजित इस समारोह में जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारी, विभिन्न जनपदों से आए प्रवक्ता एवं अधिकारीगण, डायट आजमगढ़ के समस्त प्रवक्ता, एसआरजी, पूर्व एवं वर्तमान एआरपी तथा बड़ी संख्या में शिक्षकगण शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों ने श्री अमरनाथ राय को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया। समारोह के दौरान कई वक्ताओं ने उनके सरल व्यक्तित्व, उत्कृष्ट नेतृत्व, अनुशासनप्रिय कार्यशैली और शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए उन्हें एक प्रेरणास्रोत बताया।

अपने भावुक संबोधन में श्री अमरनाथ राय ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज निर्माण का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिली जिम्मेदारियों, चुनौतियों और सहयोगियों के साथ बिताए गए अविस्मरणीय पलों का विस्तार से उल्लेख किया। उनके संबोधन के दौरान सभागार कई बार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और अनेक लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

समारोह में उपस्थित सभी शिक्षकों एवं अधिकारियों ने उनके कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन प्रवक्ता सत्येंद्र एवं वरिष्ठ प्रवक्ता अजय तिवारी ने संयुक्त रूप से किया।इस अवसर पर श्री कौस्तुभ सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, फैजाबाद ने भी श्री अमरनाथ राय को सम्मानित करते हुए उनके शैक्षिक योगदान की प्रशंसा की। इसके अलावा महेंद्र प्रसाद (प्रवक्ता, चंदौली), अशोक राय (प्रवक्ता, देवरिया) तथा कुलदीप नारायण सिंह (प्रवक्ता, गाजीपुर), अनिल कुमार श्रीवास्तव जिला उपाध्यक्ष प्रारंभिक शिक्षक आजमगढ़ सहित विभिन्न जनपदों से आए अनेक शिक्षाविदों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कर समारोह की गरिमा बढ़ाई।

सम्मान, आत्मीयता और भावनाओं से ओत-प्रोत यह विदाई समारोह शिक्षा जगत के लिए एक यादगार पल बन गया। उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में कहा कि श्री अमरनाथ राय की कार्यनिष्ठा, सादगी और शिक्षा के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button