Azamgarh News:सीएमओ के औचक निरीक्षण में दो स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित, वेतन रोकने के निर्देश

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

सीएमओ के औचक निरीक्षण में दो स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित, वेतन रोकने के निर्देश

76 आरोग्य केंद्रों पर लगे जन आरोग्य मेले में 1,985 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार

आजमगढ़ जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान लालगंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व्योहारा में चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश चंद्र गुप्ता एवं फार्मासिस्ट धीरज उपाध्याय अनुपस्थित मिले। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सीएमओ ने दोनों से स्पष्टीकरण तलब करने तथा अग्रिम आदेश तक उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए।

इसके बाद सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चेवार का निरीक्षण किया। यहां सभी कर्मचारी उपस्थित मिले, लेकिन परिसर में साफ-सफाई संतोषजनक न होने पर तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज के निरीक्षण में इमरजेंसी सेवाएं संतोषजनक मिलीं तथा अधीक्षक डॉ. सुरजीत सिंह सहित सभी चिकित्सक एवं कर्मचारी अपने कार्य पर उपस्थित पाए गए।

सीएमओ डॉ. एन.आर. वर्मा ने बताया कि जनपद के सभी 76 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों) पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में कुल 1,985 मरीजों का निःशुल्क परीक्षण एवं उपचार किया गया। इनमें 866 पुरुष, 848 महिलाएं और 271 बच्चे शामिल रहे। मेले में 79 चिकित्सकों एवं 271 पैरामेडिकल स्वास्थ्यकर्मियों ने सेवाएं दीं तथा 47 आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए गए।

उन्होंने बताया कि मेले में गैस्ट्रो, मधुमेह, त्वचा, श्वसन, उच्च रक्तचाप, लीवर, एनीमिया और टीबी सहित विभिन्न रोगों के मरीजों का उपचार किया गया। इसके अलावा 85 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, 120 कुपोषित बच्चों की पहचान, 198 लोगों की कोविड जांच तथा 6 मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर किया गया।

सीएमओ ने कहा कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आमजन को घर के निकट निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को समयबद्ध उपस्थिति, स्वच्छता, दवा उपलब्धता एवं मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button