Azamgarh News:बिलरियागंज थाने में सेवानिवृत्त होमगार्ड प्रेमचंद यादव का सम्मान, भावभीनी विदाई
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
बिलरियागंज थाने में सेवानिवृत्त होमगार्ड प्रेमचंद यादव का सम्मान, भावभीनी विदाई
आजमगढ़ जनपद के स्थानीय थाना बिलरियागंज परिसर में रविवार को सेवानिवृत्त होमगार्ड प्रेमचंद यादव के सम्मान में भावभीना विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने उन्हें पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके लंबे, अनुशासित और समर्पित सेवाकाल की सराहना की।
समारोह में कंपनी कमांडर बुद्धिराम यादव एवं बीओ रमेश चंद्र सोनकर ने भी प्रेमचंद यादव को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्हें शाल, छाता, वस्त्र एवं साइकिल भेंट कर उनके उत्कृष्ट योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि प्रेमचंद यादव ने अपने सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। उनकी सेवाएं आने वाले जवानों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगी। समारोह में सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
इस अवसर पर राजेश शुक्ला, अरविंद सिंह, प्रमोद कुमार शर्मा, रामचंदर यादव, रविंद्र यादव, संजय कुमार पाण्डेय, सच्चिदानंद राय, देवमणी यादव सहित लगभग दो दर्जन होमगार्ड एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल आत्मीयता और सम्मान से सराबोर रहा।



