Azamgarh News:घर में सो रही छात्रा की सर्पदंश से मौत, परिवार में मचा कोहराम।

अतरौलिया, आजमगढ़

घर में सो रही छात्रा की सर्पदंश से मौत, परिवार में मचा कोहराम।

थाना क्षेत्र के मठिया जप्ती माफी गांव में सोमवार रात घर में सो रही 12 वर्षीय बालिका की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मठिया जप्ती माफी निवासी चंदन कुमार की 12 वर्षीय पुत्री राजनंदनी सोमवार रात अपनी मां सुनीता और छोटी बहन श्रेयांशी के साथ घर में बेड पर सो रही थी। मंगलवार तड़के करीब चार बजे वह अचानक बेड से नीचे गिर गई। मां ने उसकी तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई और पड़ोसियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने बालिका के दाहिने पैर में सर्पदंश जैसे निशान देखे, जिसके बाद उसे तत्काल अंबेडकरनगर जनपद के बसखारी स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पड़ोसी बबलू कनौजिया ने बताया कि चिकित्सकों ने सर्पदंश के कारण मौत होने की पुष्टि की। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। राजनंदनी पूर्व माध्यमिक विद्यालय उपटापार बांसगांव में कक्षा छह की छात्रा थी। उसके पिता चंदन कुमार जयपुर में प्लास्टर ऑफ पेरिस का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार पर इस घटना ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। मासूम बेटी की असमय मौत से मां सुनीता समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे रहे। थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई है। अभी परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं प्राप्त हुई है, मामले को दिखवा रहा हूं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button