Azamgarh News:आजमगढ़ में अंतरराज्यीय टप्पेबाज गैंग का सरगना पुलिस मुठभेड़ में घायल, चार अन्य गिरफ्तार; तमंचा, कारतूस, नकदी व ठगी का सामान बरामद

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
आजमगढ़ में अंतरराज्यीय टप्पेबाज गैंग का सरगना पुलिस मुठभेड़ में घायल, चार अन्य गिरफ्तार; तमंचा, कारतूस, नकदी व ठगी का सामान बरामद
आजमगढ़ जनपद के थाना सिधारी पुलिस ने मंगलवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए आजमगढ़ समेत कई जनपदों में ठगी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय टप्पेबाज गैंग का पर्दाफाश किया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैंग का सरगना पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगा, जिसके जवाब में की गई आत्मरक्षार्थ फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया, जबकि उसके चार अन्य साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह अपनी टीम के साथ छतवारा चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि दवाओं की आड़ में ठगी करने वाला गिरोह मारुति-800 कार से खेमऊपुर होते हुए इटौरा मार्ग से आजमगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने खेमऊपुर रोड स्थित नहर पुलिया पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कार सवार भागने लगे। इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बाद जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सरगना ध्यान सिंह के पैर में गोली लग गई।
घायल अभियुक्त की पहचान ध्यान सिंह (34) पुत्र अतर सिंह निवासी वाकरपुर अटायन, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, तीन हजार रुपये, आधार कार्ड तथा विभिन्न दवाखानों के 12 विजिटिंग कार्ड बरामद हुए।
पुलिस ने मौके से छत्रपाल (42) निवासी गदरपुर, उधमसिंह नगर (उत्तराखंड), कुलदीप (35) निवासी भोजपुर, मुरादाबाद, राजा (20) निवासी वाकरपुर अटायन, मुरादाबाद तथा सरिता सिंह (34) पत्नी ध्यान सिंह को भी गिरफ्तार किया। इनके पास से एक मारुति-800 कार भी बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह गांव और शहरों में दवा बेचने के बहाने लोगों से संपर्क करता था। यौन रोग और कमजोरी का डर दिखाकर नकली दवाएं बेचता और उनसे मोटी रकम वसूलता था। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि 2 अगस्त को पवई क्षेत्र की एक दुकान से करीब पांच हजार रुपये की चोरी की थी।
इस मामले में थाना सिधारी पर मु.अ.सं. 324/2026 के तहत धारा 109(1), 318(4), 338, 336 बीएनएस तथा 3/25/27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार घायल आरोपी ध्यान सिंह के विरुद्ध लखनऊ, सिधारी और पवई थानों में धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य गंभीर धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य गिरफ्तार आरोपियों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। यह पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना सिधारी पुलिस टीम ने की।



