Jabalpur news:रामपुर जोन का घेराव: बदहाल सफाई व्यवस्था पर कांग्रेस का प्रदर्शन
त्योहारों से पहले सफाई सुधारने की मांग, नहीं तो 16 जोन में उग्र आंदोलन की चेतावनी
जबलपुर में बदहाल सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को रामपुर जोन क्रमांक-3 का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव मिथुन शिवहरे ने आरोप लगाया कि जोन के अंतर्गत आने वाले पांचों वार्डों, विशेषकर गुलाब सिंह वार्ड में पिछले कई महीनों से सफाई व्यवस्था खस्ताहाल है। नालियां बजबजा रही हैं, जगह-जगह मलबा पड़ा है और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था भी चरमरा गई है। उन्होंने बताया कि कई बार वार्ड सुपरवाइजर और जनप्रतिनिधियों को शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संभागीय अधिकारी अवस्थी को वार्ड की पिछले तीन महीनों की तस्वीरें और अन्य तथ्य दिखाकर स्थिति से अवगत कराया। कांग्रेस का कहना है कि एक ओर 40 सफाईकर्मियों की तैनाती का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। प्रदर्शनकारियों ने आवारा पशुओं के कारण रात में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने और त्योहारी सीजन में गंदगी के चलते संक्रमण फैलने की आशंका भी जताई। मिथुन शिवहरे ने चेतावनी दी कि गणेश उत्सव, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली से पहले यदि समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो कांग्रेस शहर में और उग्र आंदोलन करेगी तथा जबलपुर नगर निगम के सभी 16 जोनों का घेराव किया जाएगा
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



