Azamgarh news :सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत डीएवी इण्टर कालेज में कैरियर काउंसिलिंग का आयोजन

सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत डीएवी इण्टर कालेज में कैरियर काउंसिलिंग का आयोजन

विद्यार्थियों को कैरियर विकल्प, कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों की दी गई जानकारी

कैरियर काउंसिलिंग के माध्यम से युवाओं को रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए किया गया प्रेरित

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा युवाओं को विभिन्न अवसरों एवं योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में आयोजित ‘‘सेवा संकल्प अभियान’’ के अन्तर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय द्वारा डीएवी इण्टर कालेज, आजमगढ़ में कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को कैरियर निर्माण, कौशल विकास, रोजगार के अवसरों तथा सेवायोजन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

सहायक निदेशक सेवायोजन राममूर्ति ने बताया कि ‘‘सेवा संकल्प अभियान’’ के अन्तर्गत विद्यार्थियों एवं युवाओं को ‘‘जनसेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष’’ की अवधारणा से अवगत कराया जा रहा है। इसी क्रम में कैरियर काउंसिलिंग के माध्यम से छात्र-छात्राओं को उनकी रुचि, योग्यता एवं क्षमता के अनुरूप भविष्य के कैरियर विकल्पों के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। उन्होंने बताया कि कैरियर काउंसिलिंग का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को रोजगार के बदलते स्वरूप, कौशल विकास की आवश्यकता तथा विभिन्न रोजगारपरक क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि कैरियर निर्माण के लिए विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करते हुए उसके लिए आवश्यक शैक्षिक योग्यता एवं कौशल हासिल करना चाहिए। उन्होंने पात्र युवाओं एवं लाभार्थियों को सेवायोजन विभाग के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने के लिए पंजीकरण कराने तथा रोजगार मेलों में प्रतिभाग करने की अपील की।

जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने छात्र-छात्राओं का कैरियर काउंसिलिंग किया। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी किस प्रकार सेवायोजन विभाग में पंजीकरण करा सकते हैं तथा पंजीकरण के माध्यम से उपलब्ध रोजगार एवं अन्य सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी रुचि, लक्ष्य एवं भविष्य की योजनाओं के संबंध में संवाद किया तथा उनके द्वारा पूछे गए प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पहचानने, निरंतर सीखने तथा रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार एवं कौशल विकास के अवसरों पर भी ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने भविष्य के लिए सही दिशा का चयन करें।

अनुदेशक अवधेश कुमार ने कैरियर काउंसिलिंग के दौरान विद्यार्थियों को सेवायोजन विभाग की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी किस प्रकार सेवायोजन पोर्टल पर अपना पंजीकरण कर सकते हैं और अपनी शैक्षिक योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने रोजगार मेलों की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों के माध्यम से विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं कंपनियों को आमंत्रित कर अभ्यर्थियों की योग्यता एवं पात्रता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि कैरियर का चयन केवल पारंपरिक रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार, निजी क्षेत्र तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं सहित अनेक क्षेत्रों में युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के अनुरूप आवश्यक कौशल विकसित करने तथा समय का सदुपयोग करते हुए नियमित रूप से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य डीएवी इण्टर कालेज सुशील कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी राहुल गोंड, विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button