आजमगढ़ में पांच मौतों के मामले में नया मोड़,पुलिस बोली-पिता की गोली से हुई शौर्य की मौत,परिजनों ने कहा- पुलिस की गोली लगी

A new twist in the case of five deaths in Azamgarh, police said - Shaurya's death was caused by her father's bullet, relatives said - the police shot.

आजमगढ़ 23 सितम्बर,जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में हुई पांच मौतों के मामले में बुधवार को नया मोड़ सामने आया। आरोपी अरविंद सिंह के आठ वर्षीय बेटे शौर्य सिंह की मौत को लेकर पुलिस और परिवार के दावे अलग-अलग हैं। अरविंद की मां श्याम बली देवी और बहन साधना ने आरोप लगाया है कि शौर्य की मौत पुलिस की गोली लगने से हुई, जबकि पुलिस का कहना है कि बच्चे को गोली अरविंद ने ही मारी थी और घायल शौर्य की उपचार के दौरान मौत हुई।घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है। अरविंद सिंह के घर में कई दिनों से पूजा-अनुष्ठान चल रहा था।बताया गया कि परिवार की ओर से यह आयोजन कराया जा रहा था। शाम को बाजार से घर लौटने के बाद अरविंद का पूजा करा रहे पंडितों से आधार कार्ड मांगने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अरविंद ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी पत्नी बबीता तथा पूजा करा रहे पंडित महेंद्र पाठक और अखिलेश मिश्रा की मौत हो गई।फायरिंग के बाद अरविंद अपने बच्चों के साथ घर के अंदर एक कमरे में बंद हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कई घंटे तक अरविंद को समझाकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने और आत्मसमर्पण कराने का प्रयास किया। बाद में घर के अंदर से फायरिंग होने के बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, जवाबी फायरिंग में अरविंद को गोली लगी और उसकी मौत हो गई।पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के अनुसार, अरविंद की गोली से उसका बेटा शौर्य घायल हुआ था और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, अरविंद की मां श्याम बली देवी और बहन साधना ने पुलिस के इस दावे पर सवाल उठाते हुए शौर्य की मौत पुलिस की गोली से होने का आरोप लगाया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।घटना में कुल पांच मौतों को लेकर सामने आए अलग-अलग दावों के बीच पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही हैं। सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही शौर्य की मौत समेत फायरिंग के पूरे क्रम की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।बताया गया है कि अरविंद के बड़े भाई की भी कुछ वर्ष पहले हत्या हुई थी। इसी पारिवारिक पृष्ठभूमि के बीच घर में पूजा-अनुष्ठान कराया जा रहा था। पुलिस घटना के कारणों, फायरिंग के क्रम और पांचों मौतों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button