Azamgarh News:पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस हादसे का शिकार, चार की मौत

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस हादसे का शिकार, चार की मौत

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, चालक का शव एंबुलेंस में फंसा; सीएम योगी ने जताया दुःख

सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। चंडीगढ़ से लखनऊ के रास्ते देवरिया जा रही एंबुलेंस, जिसमें सूबेदार सत्यवान सिंह का पार्थिव शरीर ले जाया जा रहा था, हलियापुर थाना क्षेत्र के जरई कलां के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई।

हादसा रविवार सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। दुर्घटना की खबर मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही यूपीडा के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। यूपीडा कर्मियों के मुताबिक, दो शवों को पिठला अस्पताल भेजा गया है, जबकि एंबुलेंस चालक का शव वाहन में बुरी तरह फंस गया था। उसे निकालने का प्रयास किया जा रहा था।

सूचना मिलते ही एसआई शैलेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने भीड़ को एक तरफ कराते हुए घटना की जानकारी ली और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया।

एसआई शैलेंद्र सिंह ने बताया कि रुद्रपुर के गइला, दुधिला निवासी सत्यवान सिंह सूबेदार थे। उनका निधन हो गया था और उनका पार्थिव शरीर चंडीगढ़ से लखनऊ के रास्ते देवरिया ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे में देवरिया के गइला, दुधिला निवासी साजन सिंह (35), गौरव सिंह (28), राम समुझ सिंह(40) तथा चालक जसपाल (30)समेत चार लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

हादसे की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुःख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

हादसे की सूचना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस और यूपीडा की टीम द्वारा राहत एवं बचाव कार्य के साथ घटना की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button