Azamgarh news :नेशनल साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस माह (NCSAM) के अंतर्गत क्रॉस बेली इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, बेलहरा, सठियांव में आजमगढ़ पुलिस ने चलाया साइबर जागरूकता अभियान
नेशनल साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस माह (NCSAM) के अंतर्गत क्रॉस बेली इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, बेलहरा, सठियांव में आजमगढ़ पुलिस ने चलाया साइबर जागरूकता अभियान

डिजिटल अरेस्ट, ई-मेल फिशिंग, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया ठगी एवं म्यूल अकाउंट सहित विभिन्न साइबर अपराधों से बचाव के प्रति छात्र-छात्राओं एवं आमजन को किया गया जागरूक
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) द्वारा संचालित नेशनल साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस माह (NCSAM) के अंतर्गत प्रदेश में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात श्री पंकज श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी अपराध श्री कौस्तुभ त्रिपाठी के नेतृत्व में दिनांक 13.10.2026 को क्रॉस बेली इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, बेलहरा, सठियांव, जनपद आजमगढ़ में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों से बचाव के प्रति किया गया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान थाना साइबर क्राइम की टीम द्वारा लाउडहेलर के माध्यम से प्रचार-प्रसार एवं पम्पलेट वितरण कर लोगों को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। इसमें ई-मेल फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर फर्जी पुलिस अधिकारी, सीबीआई अधिकारी एवं साइबर पुलिस अधिकारी बनकर धनराशि की मांग करना, फर्जी ऐप डाउनलोड कराकर अथवा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करवाकर ठगी करना, गिफ्ट एवं लॉटरी के नाम पर धोखाधड़ी, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम, फेसबुक, एक्स एवं स्नैपचैट पर अनजान व्यक्तियों से दोस्ती कर ठगी करना, म्यूल अकाउंट तथा फर्जी मोबाइल नंबरों के इस्तेमाल जैसे साइबर अपराधों के संबंध में जानकारी दी गई।
ई-मेल फिशिंग से बचाव के बताए गए उपाय
साइबर जागरूकता कार्यक्रम के दौरान ई-मेल फिशिंग से बचने के लिए लोगों को निम्नलिखित सावधानियां बरतने की सलाह दी गई—
1. ई-मेल भेजने वाले की वास्तविक आईडी एवं स्पेलिंग की जांच करें।
2. बैंक एवं अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों से मिलते-जुलते फर्जी डोमेन नाम से सावधान रहें।
3. किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसके वास्तविक URL की जांच करें।
4. अनजान स्रोतों से प्राप्त संदिग्ध अटैचमेंट एवं फाइलों को डाउनलोड अथवा ओपन न करें।
5. अपना OTP, पासवर्ड, UPI PIN एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत करने की अपील
कार्यक्रम में भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं आधिकारिक पोर्टलwww.cybercrime.gov.इन के उपयोग के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। आमजन को बताया गया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए शिकायत दर्ज कराएं, जिससे ठगी की धनराशि को रोकने तथा आवश्यक कार्रवाई करने में सहायता मिल सके।
आजमगढ़ पुलिस आमजन से अपील करती है कि साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें, अपनी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।



