आजमगढ़:महिलाओं की प्रतिभा देख गदगद हुए एसपी सिटी
कहा गृहणियों को स्वावलंबी बनाने की अनूठी पहल
आजमगढ़। नगर के पहाड़पुर स्थित श्रीकृष्ण गौशाला में भारत विकास परिषद एलीट शाखा द्वारा हुनर हाट मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसपी सिटी मानुस पारीक ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। शाखा अध्यक्ष अरविन्द अग्रवाल, सचिव पंकज अग्रवाल, संयोजक रमेश अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने मुख्य अतिथि को मोमेंटो व अंगवस्त्रम प्रदान कर उनका स्वागत किया।
इस मेले का उद्देश्य वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने के साथ महिलाओं को स्वावलंबी बनाना व आत्मनिर्भर समाज का विकास करना था। मेले में महिलाओं और बच्चों द्वारा हस्तनिर्मित वस्तुएँ, देशी खाद्य सामग्री और सजावटी सामानों के स्टॉल लगाए गए। मनीला अग्रवाल द्वारा संचालित हरियाली स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
स्टॉलों के अवलोकन के बाद एसपी सिटी ने शरद पूर्णिमा पर आयोजित इस मेले की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं और गृहणियों को स्वावलंबी बनाने और उनके द्वारा तैयार उत्पादों की सही मार्केटिंग के लिए यह एक अत्यंत सराहनीय एवं अनुकरणीय पहल है।
देर रात तक चले इस मेले में गौशाला के सहयोगार्थ आयोजित लकी ड्रा में श्वेताभ अग्रवाल को प्रथम, बिंदु अग्रवाल को द्वितीय तथा डॉ. समीर अग्रवाल को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में संरक्षक अशोक अग्रवाल ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस सफल आयोजन में रमेश अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, गिरीश चंद्र अग्रवाल, रवि गर्ग, राजेश अग्रवाल, मुकेश बरनवाल, वीरेंद्र बरनवाल, शिखा अग्रवाल, लतिका अग्रवाल, पूजा अग्रवाल, सुमन बरनवाल, प्रिया बंदिता बरनवाल, मोनिका अग्रवाल, रेणु अग्रवाल और अनुभा अग्रवाल सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।



