Jaunpur news:लापता युवक की सई नदी में मिली लाश,हत्या कर शव फेंकने की आशंका

तीन नवंबर की शाम घर से निकला था आकाश, परिजनों ने पुरानी रंजिश में अपहरण कर हत्या करने का लगाया आरोप; एक हिरासत मे

जौनपुर।लाइन बाजार थाना क्षेत्र से चार दिन पूर्व घर से लापता हुए 24 वर्षीय युवक का शव गुरुवार की शाम रमदयालगंज क्षेत्र के बटेसर गांव के पास सई नदी में मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुरानी रंजिश में युवक की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव नदी में फेंकने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।जानकारी के अनुसार लाइन बाजार थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव निवासी सुभाष राम का 24 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार तीन नवंबर की शाम करीब सात बजे घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने कई बार उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर अगले दिन परिजनों ने लाइन बाजार थाने पहुंचकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।

 

गुरुवार की शाम करीब चार बजे रमदयालगंज क्षेत्र के बटेसर गांव के पास सई नदी में एक युवक का शव दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान आकाश कुमार के रूप में की। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

परिजनों का आरोप है कि करीब तीन महीने पहले गांव के कुछ युवकों के साथ आकाश की कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। इसी पुरानी रंजिश को लेकर उसका अपहरण कर हत्या किए जाने और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव नदी में फेंके जाने की आशंका है। हालांकि, हत्या के कारणों और घटना में किसी की संलिप्तता की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।शव मिलने की सूचना पर लाइन बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।प्रभारी निरीक्षक लाइन बाजार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button