आजमगढ़ में भीषण सड़क हादसा,बाइक टक्कर में किशोर की मौत,तीन घायल

दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 15 वर्षीय किशोर की मौत, तीन गंभीर घायल

आजमगढ़, 9 नवंबर। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र में आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर सोमवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। केशवपुर गांव के पास शारदा सहायक खंड-32 नहर के समीप दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, दोहरीघाट थाना क्षेत्र के चिऊटीडाड़ गांव निवासी गोलू (15) पुत्र स्व. राजू अपने साथी करन कुमार (24) निवासी हरदौली के साथ बाइक से लाटघाट से दोहरीघाट की ओर जा रहा था। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार जीयनपुर थाना क्षेत्र के करमड़ी गांव निवासी मनीष सिंह (27) और लाटघाट के मोचीपुर निवासी सूर्यांशु चौरसिया (28) काखभार की तरफ से लाटघाट आ रहे थे।सोमवार शाम करीब 4:30 बजे केशवपुर गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाटघाट पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने गोलू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, करन, मनीष और सूर्यांशु की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आजमगढ़ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

परिवार का सबसे बड़ा बेटा था गोलू

हादसे में जान गंवाने वाला गोलू दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी दो छोटी बहनें और एक छोटा भाई है। पिता की बचपन में ही मौत हो जाने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति में सहयोग करने के लिए गोलू दोहरीघाट की एक किराना दुकान पर काम करता था। सोमवार को वह अपने दोस्त के साथ किसी काम से लाटघाट आया था। घर लौटते समय हुए हादसे ने परिवार का सहारा छीन लिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हेलमेट नहीं पहने थे चारों बाइक सवार

इस संबंध में रौनापार थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे ने बताया कि हादसे के समय दोनों बाइकों पर सवार किसी भी व्यक्ति ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने सहित अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button