आजमगढ़:शादी समारोह में शामिल होने गए युवक की बाइक चोरी, पीड़ित ने थाने में दी तहरीर
शादी में खाना खाने के बाद लौटे तो गायब मिली मोटरसाइकिल, मुकदमा दर्ज कर बरामदगी की मांग
आजमगढ़:गंभीरपुर थाना क्षेत्र के अंगनईया गांव में शादी समारोह में शामिल होने गए एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का पता नहीं चलने पर पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी और 20 नवंबर 2026 को गंभीरपुर थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, रानी की सराय थाना क्षेत्र के तूडीपुर ऊंचा गांव निवासी मुन्ना यादव अपने भतीजे अविनाश यादव के साथ अंगनईया गांव में रामकेश यादव के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। दोनों सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (यूपी 50 बीएस 8239) खड़ी कर खाना खाने चले गए। खाना खाने और न्योता देने के बाद जब घर लौटने के लिए बाइक के पास पहुंचे तो मोटरसाइकिल गायब थी।
आसपास काफी खोजबीन करने के साथ ही पड़ोस के लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन बाइक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद मोटरसाइकिल चोरी होने की आशंका पर डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी टीम ने पूछताछ की और गंभीरपुर थाने में तहरीर देने की बात कही।पीड़ित ने 20 नवंबर को थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी। पीड़ित का कहना है कि संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मोटरसाइकिल बरामद की जाए, ताकि कोई अवांछनीय व्यक्ति चोरी की बाइक का इस्तेमाल कर आपराधिक घटना को अंजाम न दे सके।



