गिरिडीह में एनडीए और ‘इंडिया’ के प्रत्याशियों ने दिखाई ताकत, रांची में कांग्रेस की यशस्विनी ने भरा पर्चा

NDA and 'India' candidates show strength in Giridih, Congress' Yashaswini fills nomination papers in Ranchi

झारखंड की गिरिडीह लोकसभा सीट पर एनडीए में शामिल आजसू पार्टी के चंद्रप्रकाश चौधरी और ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल झामुमो के मथुरा महतो ने सोमवार को नामांकन का पर्चा दाखिल किया। रांची में कांग्रेस की प्रत्याशी यशस्विनी सहाय ने भी नामांकन किया।

 

 

 

रांची, 6 मई । झारखंड की गिरिडीह लोकसभा सीट पर एनडीए में शामिल आजसू पार्टी के चंद्रप्रकाश चौधरी और ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल झामुमो के मथुरा महतो ने सोमवार को नामांकन का पर्चा दाखिल किया। रांची में कांग्रेस की प्रत्याशी यशस्विनी सहाय ने भी नामांकन किया।

 

 

 

गिरिडीह सीट पर एनडीए और ‘इंडिया’ के प्रत्याशियों ने रैली और जनसभा आयोजित कर अपनी-अपनी ताकत दिखाई। एनडीए के चंद्रप्रकाश चौधरी के साथ आजसू प्रमुख सुदेश महतो और बिहार के डिप्टी सीएम एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी मौजूद रहे।

 

 

 

सम्राट चौधरी ने सभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि आज देश का डंका दुनिया में बज रहा है। अयोध्या में वर्षों तक टेंट में रहे प्रभु श्रीराम के लिए भी भव्य मंदिर बन गया। यह तब संभव हो सका, जब आपने 2019 में आपने पीएम मोदी को आशीर्वाद दिया।

 

 

 

आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि विकसित भारत और विकसित राज्य के लिए पीएम मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार एक बार फिर बननी तय है।

 

 

 

“इंडिया” गठबंधन के प्रत्याशी मथुरा महतो झारखंड सरकार की मंत्री बेबी देवी और कई अन्य नेताओं के साथ नामांकन करने पहुंचे। इसके पहले उन्होंने शहर में एक बड़ी रैली निकाली। मथुरा महतो ने कहा कि गिरिडीह की जनता पांच साल तक क्षेत्र से दूर रहे सांसद को सबक सिखाने के लिए तैयार है।

 

 

 

 

दूसरी तरफ रांची में कांग्रेस की प्रत्याशी यशस्विनी सहाय ने अपने पिता पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और झामुमो की राज्यसभा सांसद महुआ माजी के साथ जिला निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर पर्चा दाखिल किया।

 

 

 

इसके बाद रांची के मोरहाबादी मैदान में एक जनसभा भी आयोजित हुई, जिसे संबोधित करते हुए झारखंड के कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा कि अब बाहर के लोग आपकी नुमाइंदगी नहीं करेंगे। यहां के लोग बाहरी लोगों को बाहर भेजेंगे। जो बाहर के लोग आपकी नुमाइंदगी करते हैं, वे जल-जंगल-जमीन और सरना कोड की बात नहीं करते।

 

 

 

उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी यशस्विनी सहाय के बारे में बताया कि झारखंड के दर्द को समझने वाले को आपके सामने पेश किया गया है। परिवार के कारण नहीं बल्कि होनहार के कारण इन्हें लाया गया है।

 

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने कहा कि मोदी सरकार की घंटी बज चुकी है। 2024 चुनाव के बाद लोगों को न्याय मिलेगा।

Related Articles

Back to top button