अज्ञात हत्यारों ने युवक की निर्मम हत्या,हत्यारों ने मुंह और नाक में ठूसा मिट्टी,परिवार में मचा कोहराम

 

 

रिपोर्ट : अजित कुमार सिंह” बिट्टू जी” व्यूरोचीफ हिन्द एकता टाइम्स

 

 

बैरिया बलिया । दोकटी थाना क्षेत्र के श्रीपतिपुर (धतूरी टोला) गांव निवासी कमलेश बिंद (34) पुत्र स्व. लाल बच्चा बिंद की हत्या बदमाशों ने लाठी डंडे से पीट-पीटकर कर दी। यही नहीं, हत्या करने के बाद बदमाशों ने कमलेश के नाक और मुंह में मिट्टी ठूंस दिया था। घटना की सूचना पर पहुंची दोकटी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया है।

बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात कमलेश बिंद के चचेरे भाई का तिलक था। जहां रात करीब 8 बजे खाना खाकर अपने खेत में लगे मड़हे में सोने के लिए कमलेश बिन्द चला गया। शुक्रवार की सुबह खेत में शौच के लिए गए लोगों ने देखा कि कमलेश बिन्द मुंह के बल खेत में पड़ा हुआ है। उसे घायल समझ कर गांव के लोग उठाकर घर ले आये, तभी किसी ने उसका नब्ज देखकर कहा कि इसकी मौत हो चुकी है। इतना सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना पर अहले सुबह थानाध्यक्ष मदन पटेल अपने हमराहियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया। परिजनों ने बताया कि कमलेश दो भाई है। बड़ा भाई टुनटुन गुजरात में नौकरी करता है। कमलेश दुबई में नौकरी करता था। आठ माह पूर्व पिता की मौत के बाद उनके श्राद्ध में शामिल होने के लिए दुबई से आया था, तब से दुबई नहीं गया।

कुछ दिन पहले अपने भाई के पास गुजरात नौकरी करने के लिए चला गया। मृतक अभी एक पखवारा पूर्व ही गुजरात से लौटा था। कमलेश की शादी रेवती थाना क्षेत्र के गोपाल नगर में हुई है। हत्या के बाद पत्नी व कमलेश के तीन छोटे-छोटे बच्चे व मां का रोते-रोते बुरा हाल है। कमलेश की मां ने बताया कि हम लोगों की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। घटना से घर परिवार सहित पूरा गांव स्तब्ध है। इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष मदन पटेल ने बताया कि मृतक की माँ लालमुनी देवी पत्नी स्व0 बच्चालाल बिंद ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर अज्ञात हत्यारोपीयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। आरोपी बहुत जल्द पुलिस के गिरफ्त में होंगे। घटना को लेकर गांव सहित अगल बगल के गांवों में तरह तरह की चर्चा है।

Related Articles

Back to top button