औद्योगिक विकास में हरसंभव सहायता देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री मोहन यादव

[ad_1]

भोपाल, 30 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार औद्योगिक विकास के लिए हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पैनासोनिक एनर्जी से अपेक्षा जताई कि वह राज्य में अपनी स्किल डेवलपमेंट पहल को बढ़ावा दे, ताकि प्रदेश के युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने पैनासोनिक एनर्जी को ऊर्जा भंडारण और सस्टेनेबल बैटरी निर्माण के लिए पीथमपुर में अपनी इकाई का विस्तार करने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने प्रदेश में रिसर्च और डेवलपमेंट केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव भी दिया। इससे प्रदेश में प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में वृद्धि हो सकेगी।

मुख्यमंत्री ने अपनी जापान यात्रा के तीसरे दिन पैनासोनिक एनर्जी कंपनी लिमिटेड के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में पैनासोनिक के अधिकारियों से मध्य प्रदेश में निवेश के अवसरों और सहयोग की संभावनाओं पर गहन चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने पैनासोनिक एनर्जी के साथ मध्य प्रदेश में विशेष रूप से इलेक्ट्रिक वाहन बैटरी निर्माण और ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में नई यूनिट्स स्थापित करने पर चर्चा की। उन्होंने प्रदेश की औद्योगिक नीति और पैनासोनिक एनर्जी के लिए विशेष वित्तीय सहायता योजनाओं के बारे में बताते हुए कहा कि इससे पैनासोनिक को मध्य प्रदेश में और अधिक निवेश करने के अवसर मिल सकते हैं।

बैठक में पैनासोनिक एनर्जी के अधिकारियों ने अपनी कंपनी की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। पैनासोनिक ने मध्य प्रदेश में ऊर्जा भंडारण और बैटरी निर्माण क्षेत्र में निवेश करने की अपनी रुचि दर्शाते हुए विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार का पूर्ण सहयोग मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने पैनासोनिक एनर्जी को 24-25 फरवरी 2025 को भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में आमंत्रित किया, जिससे वे राज्य में निवेश के नए अवसरों पर विचार कर सकें और मध्य प्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य को और बेहतर समझ सकें। उन्होंने पैनासोनिक एनर्जी के प्रतिनिधियों को प्रदेश के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों जैसे सांची का दौरा करने का निमंत्रण भी दिया।

मुख्यमंत्री ने पैनासोनिक एनर्जी के साथ मध्य प्रदेश में एक दीर्घकालिक और मजबूत साझेदारी की दिशा में काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई और उन्हें राज्य में हर संभव सहयोग के प्रति आश्वस्त किया।

इसके अलावा मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जापान के कोबे स्थित सिस्मैक्स कारपोरेशन सॉल्यूशन सेंटर का दौरा कर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मेडिकल टेक्नोलॉजी और जीवन विज्ञान क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर गहन चर्चा की।

सिस्मैक्स सॉल्यूशन वैश्विक डायग्नोस्टिक टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अग्रणी कंपनी है, जो उन्नत चिकित्सा अनुसंधान और हेल्थकेयर नवाचार में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए प्रसिद्ध है।

मुख्यमंत्री ने सिस्मैक्स कोबे को मध्य प्रदेश में मेडिकल डायग्नोस्टिक उपकरणों की विनिर्माण इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव देकर आमंत्रित किया। उन्होंने सिस्मैक्स को प्रदेश में रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर स्थापित करने का सुझाव भी दिया।

–आईएएनएस

एबीएम/सीबीटी

[ad_2]

Disclaimer : ऑटो फ़ीड्स द्वारा यह न्यूज़/समाचार स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। hindektatimes.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन इस न्यूज़/समाचार में नहीं किया गया है। इस न्यूज़/समाचार की एवं इसमें उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की हैद्य न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
इनपुट. आईएएनएस के साथ

Related Articles

Back to top button