ईद की तैयारियां हो रही है काफी तेजी के साथ
युवाओं व बच्चों में ईद पर्व को लेकर है उत्साह काफी अधिक

भदोही। एक माह तक रोजा रखने और अल्लाह की बढ़ चढ़कर इबादत करने के बाद मनाए जाने वाले ईद-उल-फितर पर्व की तैयारियां भदोही नगर में काफी तेज हो गई हैं। भदोही नगर से लेकर उसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में ईद पर्व को मनाने का उल्लास दिखने लगा है।
नगर के बाजारों में रौनक बढ़ने से संबंधित दुकानदारों के चेहरे खिल उठे हैं। सबसे अधिक खरीदारी कपड़ों की लोग कर रहे हैं। वैसे तो कपड़ों के दाम में विगत वर्ष की तुलना में लगभग 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। लेकिन इस पर खरीदारी का कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा। युवाओं और बच्चों में पर्व को लेकर उत्साह अधिक दिख रहा है। रमजान माह जैसे जैसे समाप्ति की तरफ बढ़ रहा है। लोग ईद की तैयारियों में जुट गए हैं। आधे से अधिक रोजा बीत जाने के बाद जिले में चहुंओर ईद का उल्लास अब दिखने लगा है। सबसे अधिक उत्साह युवाओं और बच्चों में दिख रहा है। पर्व की खुशियों में किसी भी प्रकार की कोई कमीं न रह जाए। इसके लिए वे संबंधित बाजारों में पहुंचकर बढ़-चढ़कर खरीदारी कर रहे हैं। सबसे अधिक जोर कपड़ों की खरीदारी पर लोगों का है। सुबह से ही पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं का कपड़ों की दुकान पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है। जो देर रात तक चलता रहता है। गर्मी को देखते हुए कॉटन के सूट की मांग सबसे अधिक है। महिलाएं जहां कॉटन के सूट और साड़ी खरीद रही हैं तो वहीं पुरुष कॉटन का कुर्ता खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं। इसे देखते हुए संबंधित दुकानदार इसका अतिरिक्त स्टॉक मंगा रहे हैं।



