आजमगढ़ में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, कोल्ड ड्रिंक में जहर देने का आरोप

कोल्ड ड्रिंक पीते ही बिगड़ी हालत, इलाज के दौरान युवक की मौत

आजमगढ़ के तरवा थाना क्षेत्र के खरिहानी स्थित महुआरी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान दीपक सिंह उर्फ रिंटू के रूप में हुई है। उसकी बहन प्रियंका सिंह ने तरवा थाने में तहरीर देकर गांव की संध्या सिंह और उसकी पुत्री अर्चना सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही थी। इसी के चलते शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे संध्या सिंह ने दीपक को अपने घर बुलाया और कथित रूप से कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया।आरोप है कि इसके कुछ ही देर बाद दीपक की तबीयत बिगड़ने लगी। वह किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों को बताया कि उसे कुछ संदिग्ध पिलाया गया है, जिसके बाद वह अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मृतक अपने परिवार का इकलौता बेटा था और वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button