बाइक से गिरकर महिला की दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम।

बाइक से गिरकर महिला की दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम।
स्थानीय थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर के समीप बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में बाइक से गिरकर महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंबेडकर नगर जनपद के टांडा थाना क्षेत्र स्थित चितौरा ईदगाह निवासी 45 वर्षीय सविता देवी पत्नी रामसेवक यादव अपने पुत्र मुलायम यादव के साथ आजमगढ़ से रिश्तेदारी से वापस घर लौट रही थीं। रास्ते में अतरौलिया थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर के पास अचानक बाइक पर पीछे बैठी सविता देवी संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़ीं। गिरने के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। आनन-फानन में उन्हें नजदीकी सौ सैया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका के बड़े पुत्र मुलायम यादव ने बताया कि हादसा अचानक हुआ और उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला। सविता देवी अपने पीछे तीन पुत्र—मुलायम यादव, अखिलेश यादव और धनंजय—छोड़ गई हैं, जबकि उनकी दो बेटियां विवाहित हैं। परिवार के मुखिया रामसेवक यादव मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



